Kushinagar News: कुशीनगर में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मासूम समेत पांच की मौत, सीएम योगी ने किया 4 लाख मुआवजे का ऐलान

Facebook
X
WhatsApp

Kushinagar News: उत्तर प्रदेश में इन दिनों भारी बारिश का कहर बरसते नजर आ रहा है. मौसम विभाग जहां एक ओर बारिश के दौरान गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जता रहा है. वहीं कई जिलों में बीते दिनों हुई बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटना में लोगों की मौत हुई है. कुशीनगर जिले में रविवार को हुई भारी बारिश के दौरान जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली, वहीं आकाशीय बिजली गिरने से एक मासूम समेत पांच की मौत हो गई.

जानकारी के अनुसार कुशीनगर जनपद के अलग-अलग क्षेत्रो में आकाशीय बिजली गिरने से एक पांच साल के मासूम और तीन महिलाओं समेत पांच लोगों की मौत हो गयी है. (Kushinagar News) जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घटना के समय मासूम अपने घर के बाहर खेल रहा था, जबकि बिजली की चपेट में आईं तीन महिलाएं उस समय गांव से बाहर बकरियां चरा रही थीं.

सीएम योगी ने जताया गहरा शोक

कुशीनगर जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से हुई जनहानि पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति शोक -संवेदना व्यक्त की है. सीएम योगी ने घायलों के समुचित उपचार के लिए निर्देशित किया. इसके साथ ही दिवंगतों के परिजनों को तत्काल चार-चार लाख रुपये राहत राशि वितरण करने का निर्देश दिया.

बताया जा रहा है कि रविवार को तकरीबन तीन बजे के बाद हल्की बारिश के दौरान यह घटना हुई है. जिले के तरयासुजान थाना क्षेत्र के छपरा दलराज गांव का निवासी मिथलेश कुमार रविवार को शाम चार बजे बाकखास गांव के पास गंडक नदी में अपने तीन साथी बीरू जायसवाल, राहुल और जटा के साथ स्नान कर रहा था. इसी बीच मिथलेश के ऊपर बिजली गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं अन्य साथी आकाशीय बिजली के चपेट मे आकर झुलस गए, जिनका तमकुहीराज सीएचसी पर इलाज चल रहा है.

बकरियां चराने गई तीन महिलाओं की मौत

इसी तरह नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के पचफेड़ा गांव के खास टोला की निवासी मंजू, सुभावती और हदीशुन एक साथ गांव के बाहर बकरियां चराने गई थीं. दोपहर तीन बजे के बाद हुई बारिश से बचने के लिए तीनों महिलाएं एक साथ घर की ओर भागने लगीं. तभी तेज आवाज के साथ गिरी बिजली के कारण तीनों महिलाएं झुलसकर चीखने-चिल्लाने लगीं. तीनों महिलाओं को ग्रामीणों की मदद से कोटवा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषत कर दिया.

घर के बाहर खेल रहे मासूम पर गिरी बिजली

वहीं कप्तानगंज थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव में विवेक विश्वकर्मा का पांच वर्षीय पुत्र अपने घर के दरवाजे पर खेल रहा था. दोपहर करीब साढ़े तीन बजे तेज आवाज के साथ गिरी बिजली की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया. जिस वक्त यह घटना हुई उस समय हल्की बूंदाबांदी हो रही थी. परिजन बच्चे को लेकर कप्तानगंज सीएचसी ले गए, वहां डॉक्टर ने उसे भी मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद से मृतकों के परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल है.

कप्तानगंज सीएचसी पर पहुंचे जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल ने मृतक के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की. इस दौरान डीएम ने कहा कि घायलों का समुचित इलाज कराया जायेगा और मृतकों को राहत उपलब्ध करायी जायेगी.

https://youtu.be/MccimPeOPZ4?si=8tC4e0gEe4dE8taI

ये भी पढ़े…https://sunilvermamediagroup.com/?p=56409

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें