Balaghat News: बालाघाट, 13 नवंबर 2026 को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत किसानों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने एवं उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से ग्राम लाड़सा में आयोजित जिला स्तरीय जनविश्वास शिविर में लांजी विधायक श्री राजकुमार कर्राहे ने कृषक श्री विजय कुमार को नवीन किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) प्रदान किया।
यह कार्ड जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित बालाघाट की शाखा साडरा के अंतर्गत बी-पैक्स समिति कुम्हारीकला के माध्यम से जारी किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री आदित्य सिंह भी उपस्थित रहे।

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिनव सिंह बघेल ने बताया कि शिविर स्थल पर बी-पैक्स समिति द्वारा स्टॉल लगाया गया था। यहां किसानों को बैंक की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही ऐसे किसानों को चिह्नित किया गया, जो पात्र होने के बावजूद अभी तक किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा से वंचित थे। ऐसे किसानों को केसीसी उपलब्ध कराने की पहल की गई।
अभियान के तहत बैंक द्वारा किसानों से सीधे संपर्क कर उन्हें विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बैंक मुख्यालय के फील्ड अधिकारी श्री राजेश नगपुरे ने ग्राम कुम्हारीकला पहुंचकर किसानों से चर्चा की।
उन्होंने नवीन सदस्यता अभियान, पशुपालन केसीसी, मत्स्य पालन केसीसी सहित बैंक की अन्य योजनाओं की जानकारी देकर किसानों को इनका लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर लांजी के प्रभारी शाखा प्रबंधक श्री सुभाष राहंगडाले, साडरा के प्रभारी शाखा प्रबंधक श्री मोरेश्वर फुण्डे, पर्यवेक्षक श्री गोविंद एड़े, श्री हेमेश्वर बल्ले सहित बैंक के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।









