Lucknow News: शहर के इकाना इंटरनेशनल इंडोर स्टेडियम में आयोजित भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर हो रहे डब्लूपीवीएल (WPVL) सीजन-1 में महिला खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। प्रतियोगिता के दूसरे दिन बेंगलुरु थंडर और हैदराबाद हैरियर्स के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया, जिसमें हैदराबाद हैरियर्स ने 2-1 से जीत दर्ज की।

मुकाबले से पहले बेंगलुरु थंडर की कोच प्रीति सिंह ने अपनी टीम के साथ अभ्यास किया। जीत के इरादे से मैदान में उतरी 13 सदस्यीय टीम ने जमकर पसीना बहाया और बेहतर प्रदर्शन की तैयारी की।
मैच शुरू होते ही दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। खिलाड़ियों ने एक-दूसरे पर बढ़त बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। दोनों ओर से शानदार खेल का प्रदर्शन हुआ, लेकिन कड़े संघर्ष के बाद हैदराबाद हैरियर्स ने बाजी मारते हुए मुकाबला 2-1 से अपने नाम कर लिया।
जीत के बाद हैदराबाद हैरियर्स के ओनर ने टीम के प्रदर्शन की सराहना की। वहीं, टीम मैनेजर ने खिलाड़ियों के शानदार खेल और आपसी तालमेल को जीत का प्रमुख कारण बताया। ओनर ने कहा कि डब्लूपीवीएल महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक बड़ा मंच उपलब्ध करा रहा है। मैनेजर ने आगामी मुकाबलों में भी टीम के बेहतर प्रदर्शन का भरोसा जताया।

गौरतलब है कि डब्लूपीवीएल सीजन-1 का आयोजन ‘नारी शक्ति संकल्प’ की भावना के साथ किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य महिला वॉलीबॉल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर पहचान बनाने का अवसर प्रदान करना है।









