Bhilwara News: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में जरूरतमंदों को भोजन के साथ उनका स्वाभिमान बनाए रखने के उद्देश्य से जवाहर फाउंडेशन की ओर से संचालित स्वाभिमान भोज जरूरतमंदों के लिए बड़ी राहत बना हुआ है। फाउंडेशन की ओर से मात्र एक रुपये में रोटी, चावल, दाल, सब्जी और हरी चटनी की थाली उपलब्ध कराई जा रही है।
जवाहर फाउंडेशन के भीलवाड़ा भोजजी मैनेजर एवं प्रभारी रजनीश वर्मा ने बताया कि वर्तमान में फाउंडेशन के कुल 11 किचन संचालित हो रहे हैं। इनमें भीलवाड़ा जिले में 7, अजमेर में 2, जयपुर में 1 और बांसवाड़ा में 1 किचन शामिल हैं। इन किचनों के माध्यम से प्रतिदिन करीब 5 हजार लोगों को एक रुपये में भोजन कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि एक रुपये लेने का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद व्यक्ति के स्वाभिमान को बनाए रखना है, ताकि उसे यह महसूस न हो कि वह मुफ्त में भोजन कर रहा है। पिछले पांच वर्षों में इन 11 किचनों के माध्यम से 42 लाख से अधिक लोग एक रुपये में भोजन प्राप्त कर चुके हैं।
भीलवाड़ा शहर में रेलवे स्टेशन के पास संचालित स्वाभिमान भोज का लाभ जरूरतमंदों के साथ-साथ काम के सिलसिले में शहर में आने वाले लोग और व्यापारी वर्ग भी उठा रहे हैं। यदि किसी व्यक्ति का पेट एक प्लेट भोजन से नहीं भरता है तो जरूरत के अनुसार उसे दूसरी प्लेट भी उपलब्ध कराई जाती है।

इसी पहल की जानकारी मिलने पर मुंबई से निजी कार्यक्रम में भीलवाड़ा आईं टीवी अभिनेत्री भारती मेहता भी स्वाभिमान भोज पहुंचीं और व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने जवाहर फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मात्र एक रुपये में भोजन उपलब्ध कराना बेहद सराहनीय कार्य है। यहां काम करने वाले और जरूरतमंद लोग सम्मान एवं स्वाभिमान के साथ भोजन कर सकते हैं। उन्होंने देश के अलग-अलग शहरों में भी इसी तरह के स्वाभिमान भोज शुरू करने की अपील की।
रजनीश वर्मा ने बताया कि स्वाभिमान भोज का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक है, जबकि अस्पताल में संचालित किचन का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक है। फाउंडेशन की ओर से अन्नपूर्णा रसोई के छह किचन भी संचालित किए जा रहे हैं। इन सेवा कार्यों के लिए सरकार से कोई अनुदान नहीं लिया जाता, बल्कि सीएसआर और सहयोग के माध्यम से यह कार्य किया जा रहा है।
जवाहर फाउंडेशन की इस पहल का उद्देश्य सिर्फ जरूरतमंद को भोजन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि भोजन के साथ उसका स्वाभिमान भी सुरक्षित रखना है।









