Bhilwara News: राजस्थान के भीलवाड़ा, सुभाष नगर थाना क्षेत्र में रविवार (11 अक्टूबर) को कुलदेवी मंदिर में दर्शन करने गए सेशन कोर्ट के एक अधिवक्ता और उनके परिजनों पर कुछ लोगों ने हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में अधिवक्ता और उनके भाइयों के सिर व हाथों पर तलवार के गहरे घाव आए हैं। घटना के बाद घायलों को महात्मा गांधी अस्पताल (MGH) के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने पीड़ित के पर्चा बयान के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंदिर परिसर में घात लगाकर बैठे थे हमलावर
अंबेडकर कॉलोनी (कोतवाली थाना क्षेत्र) निवासी अधिवक्ता राहुल मालावत (पुत्र ज्ञानमल मालावत) ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 11:30 बजे वे अपने दो वाहनों में परिजनों—चाचा देश कुमार मालावत, माता सन्नू देवी, पत्नी तब्बू मालावत, भाई विश्वास मालावत, छोटा भाई हस्तीमल और चाची बउकंवर के साथ कुलदेवी बीजासन माता मंदिर गए थे। यह मंदिर सांगानेर कॉलोनी में सोफिया स्कूल के पीछे, मूक-बधिर विद्यालय के निकट स्थित है। आरोप है कि जैसे ही वे मंदिर के मुख्य द्वार पर पहुंचे, वहां पहले से मौजूद विक्की सांसी सहित अन्य लोगो ने उन्हें देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी।
सिर और कलाई पर तलवार से वार
पीड़ित अधिवक्ता के अनुसार, आरोपियों ने बिना किसी कारण अचानक जानलेवा हमला कर दिया: एडवोकेट राहुल मालावत पर जान से मारने की नीयत से सिर पर तलवार से जोरदार वार किया, जिससे उनके सिर पर गहरा घाव हुआ और करीब 14 टांके आए। दूसरा वार उन्होंने हाथ पर झेला। बीच-बचाव करने पहुंचे भाई विश्वास मालावत के सिर पर विक्की सांसी ने तलवार मार दी, जिससे उनके सिर में 9 से 11 टांके आए तलवार घोंपने का प्रयास किया, जिससे तलवार हस्तीमल की कलाई/हाथ में धंस गई और वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
वारदात के दौरान मंदिर परिसर में मौजूद अन्य श्रद्धालुओं और परिजनों ने बीच-बचाव कर घायलों को बचाया। पीड़ितों का आरोप है कि जाते समय हमलावरों ने उनकी कार में भी जमकर तोड़फोड़ की।
पुरानी रंजिश से किया इनकार
अस्पताल में उपचाराधीन एडवोकेट राहुल मालावत ने मीडिया को बताया कि आरोपियों से उनकी न तो पहले कोई रंजिश थी और न ही किसी प्रकार का जमीनी या आपसी विवाद। उन्होंने कहा कि हमला पूरी तरह पूर्व-नियोजित लग रहा था क्योंकि आरोपी हथियारों से लैस होकर पहले से वहां घात लगाकर बैठे थे। अगर मौके पर मौजूद लोग बीच-बचाव न करते, तो हमलावर उनकी हत्या कर देते।
बीएनएस (BNS) की संगीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज
घटना की सूचना मिलने पर सुभाष नगर थाने से पुलिसकर्मी अस्पताल पहुंचे और ट्रोमा वार्ड में भर्ती राहुल मालावत के पर्चा बयान दर्ज किए। इसके आधार पर सुभाष नगर थाने में एफआईआर संख्या 0339/2026 दर्ज की गई है।
मामले की जांच एएसआई रतनलाल को सौंपी
अधिवक्ता पर हुए हमले के बाद स्थानीय वकीलों में रोष व्याप्त है और आरोपी पक्ष के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई व जल्द गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। पीड़ित के अनुसार पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।










