Lucknow News: बदायूं की रहने वाली सुनीता यादव ने अतुल यादव पर मंदिर में शादी करने के बाद धोखा देने और गर्भवती होने पर पानी में गर्भपात की दवा मिलाकर पिलाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक, दवा के सेवन से उसका गर्भपात हो गया। मामले में पीड़िता ने मूसाझाग थाने में अतुल यादव और रविन्द्र यादव के खिलाफ तहरीर दी थी।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी अतुल यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हालांकि, सुनीता यादव का आरोप है कि मामले में नामजद रविन्द्र यादव अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पीड़िता अब रविन्द्र यादव की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लखनऊ पहुंची है और न्याय की गुहार लगा रही है।
आरोपी के पिता की गिरफ्तारी की मांग
सुनीता यादव का कहना है कि जब तक मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक उसे पूरा न्याय नहीं मिलेगा। पीड़िता ने रविन्द्र यादव की गिरफ्तारी की मांग उठाई है।
इस मामले में समाजसेवी गौरव गोस्वामी ने भी पीड़िता को समर्थन दिया है। उन्होंने आरोपी के पिता की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि पीड़िता को पूरा इंसाफ मिलने तक उसका संघर्ष जारी रहेगा।
फिलहाल, पीड़िता की मुख्य मांग रविन्द्र यादव की गिरफ्तारी और मामले में न्याय सुनिश्चित करने की है। आरोपों के संबंध में पुलिस का पक्ष और आगे की कार्रवाई सामने आने के बाद मामले की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
लोकेशन- लखनऊ
संवाददाता- सुभाष चंद्र









