CJP Protest Molestation: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले की सदर विधानसभा से पूर्व बीजेपी विधायक विक्रम सिंह (Ex BJP MLA Vikram Singh) की बेटी यशस्वी राजे सिंह (Yashasvi Raje Singh) ने सोशल मीडिया (Social Media) पर एक पोस्ट साझा कर गंभीर आरोप लगाए हैं।
यशस्वी का दावा है कि 24 जुलाई को दिल्ली (Delhi) के जंतर-मंतर (Jantar Mantar) पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन (Students Protest) के दौरान भीड़ में एक व्यक्ति ने उनके साथ छेड़छाड़ की। उन्होंने कहा कि घटना का विरोध करने के बाद भी उन्हें ही डांट-फटकार का सामना करना पड़ा।
CJP Protest Molestation: इंस्टाग्राम पोस्ट में बताई पूरी घटना
यशस्वी राजे सिंह ने अपने इंस्टाग्राम (Instagram) पोस्ट में लिखा कि 24 जुलाई को वह अपनी बहन के साथ जंतर-मंतर पर आयोजित छात्रों के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने पहुंची थीं। उनके मुताबिक मुख्य मंच के पास भीड़ के बीच एक बैरिकेड (Barricade) गिर गया, जिससे वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि इसी अफरा-तफरी के दौरान पीछे खड़े एक व्यक्ति ने उन्हें गलत तरीके से छूने और जबरदस्ती उनके पैरों के बीच हाथ डालने की कोशिश की। यशस्वी ने बताया कि उन्होंने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए आरोपी को तीन थप्पड़ मारे। हालांकि, उनका दावा है कि वहां मौजूद कुछ लोगों ने आरोपी का विरोध करने के बजाय उन्हें ही डांटना शुरू कर दिया।
यशस्वी ने यह भी आरोप लगाया कि वहां मौजूद एक वॉलंटियर (Volunteer) ने इस घटना को गंभीरता से लेने के बजाय यह कहकर टाल दिया कि ऐसी गलतियां तो होती रहती हैं।
यशस्वी ने पोस्ट में क्या लिखा
यशस्वी राजे सिंह ने अपनी पोस्ट में लिखा कि 24 जुलाई की रात करीब 12 बजकर 15 मिनट पर वह और उनकी बहन मेन स्टेज (Main Stage) की ओर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि मेटल डिटेक्टर (Metal Detector) के पास बेहद संकरी जगह में सैकड़ों लोग ठसाठस भरे हुए थे और आगे बढ़ने का एकमात्र तरीका भीड़ के साथ आगे बढ़ना ही था।
उन्होंने लिखा कि उन्होंने कई लोगों से महिलाओं की अलग कतार के बारे में पूछा, लेकिन वहां पूरी तरह अफरा-तफरी का माहौल था। इसी दौरान उनसे करीब तीन फीट की दूरी पर एक बैरिकेड गिर गया। इसके बाद लोग एक-दूसरे पर गिरने और ठोकर खाने लगे। उन्हें ऐसा लगा जैसे भगदड़ शुरू होने वाली हो।
यशस्वी के अनुसार, उन्होंने और उनकी बहन ने फैसला किया कि आगे बढ़ना सुरक्षित नहीं है, इसलिए दोनों वापस लौटने लगे। इसी दौरान उनके पीछे खड़े एक व्यक्ति ने उनके साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की और जबरन अपना हाथ उनके पैरों के बीच डालने का प्रयास किया।
दो बार विधायक रहे हैं विक्रम सिंह
यशस्वी राजे सिंह के पिता विक्रम सिंह फतेहपुर सदर विधानसभा सीट से दो बार बीजेपी विधायक रह चुके हैं। उन्होंने वर्ष 2014 के उपचुनाव (By-election) और वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव (Assembly Election) में जीत हासिल की थी। विक्रम सिंह ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत छात्र राजनीति (Student Politics) से की थी और वर्ष 2010 में भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) की सदस्यता ग्रहण की थी।
विक्रम सिंह ने कहा- मुझे घटना की जानकारी नहीं
जब इस मामले में पूर्व बीजेपी विधायक विक्रम सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस घटना की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि यशस्वी की मां उनके साथ हैं और उन्हें इस मामले की जानकारी होगी। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि उन्हें इस घटना के बारे में कुछ भी पता नहीं है।









