Corona Virus Update 2025: एक बार फिर डराने लगा कोरोना ,अब तक 44लोगों की मौत! वर्क फ्रॉर्म होम को लेकर आ सकता है बड़ा फैसला

Corona Virus
Facebook
X
WhatsApp

Corona Virus Update 2025:भारत में एक बार फिर कोरोना वायरस (Coronavirus)के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है, जिससे स्वास्थ्य महकमा सतर्क हो गया है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश में सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 4,302 हो गई है, जबकि बीते 24 घंटे में 276 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। इस अवधि में 7 लोगों की मौत भी दर्ज की गई है, जिससे कई राज्यों में प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। बता दें कि अब तक कुल 44 लोगों की मौत हो चुकी है।

दिल्ली, यूपी, बंगाल और मुंबई अलर्ट पर
स्वास्थ्य मंत्रालय पहले ही सभी राज्यों को दिशा-निर्देश जारी कर चुका है। संक्रमण की रफ्तार को देखते हुए उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, दिल्ली और मुंबई जैसे प्रमुख क्षेत्रों में स्वास्थ्य एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। दिल्ली में बीते 24 घंटों में 64 नए केस सामने आए हैं। पश्चिम बंगाल में 60 और उत्तर प्रदेश में 63 नए मामले रिपोर्ट किए गए हैं। केरल में सोमवार को 35 केस मिले थे, जबकि दिल्ली में उस दिन 47 संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई थी। हिमाचल प्रदेश में भी पहला सक्रिय मामला सामने आया है, जो हमीरपुर के नाहन क्षेत्र से है।

गुजरात में 108 नए केस, एक की मौत
गुजरात में कोरोना (Corona) के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों में 108 नए केस मिले हैं और एक व्यक्ति की मौत हुई है। वर्तमान में 461 एक्टिव केस हैं, जिनमें से 20 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि बाकी मरीज घर पर ही आइसोलेशन में हैं। राज्य में 43 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद छुट्टी दी जा चुकी है।

संक्रमण के पीछे ओमिक्रॉन उप-वेरिएंट

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल ने कहा है कि देश में कोरोना (Corona) मामलों में हालिया वृद्धि ओमिक्रॉन के नए उप-वेरिएंट्स LF.7.9 और XFG रिकॉम्बिनेंट से जुड़ी है। उन्होंने बताया कि ये वेरिएंट गंभीर बीमारी नहीं पैदा कर रहे और अधिकतर मरीज घर पर ही ठीक हो रहे हैं।

सरकार की नजर, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं

31 मई को सरकारी सूत्रों ने स्पष्ट किया कि स्थिति पर बारीकी से निगरानी रखी जा रही है, लेकिन घबराने जैसी कोई बात नहीं है। अधिकांश मामले हल्के लक्षणों वाले हैं, जिनमें बुखार और खांसी जैसे लक्षण देखे जा रहे हैं।

देश में कोरोना (Corona) के मामलों में एक बार फिर हल्का उछाल देखा जा रहा है, लेकिन विशेषज्ञों और स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि अभी की स्थिति नियंत्रण में है। लोगों को मास्क पहनने, भीड़भाड़ से बचने और सामान्य सावधानियों को अपनाने की सलाह दी गई है ताकि संक्रमण को और फैलने से रोका जा सके।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें