कानपुर. सीसामऊ से समाजवादी पार्टी के विधायक इरफान सोलंकी के भाई फरहान के खिलाफ उसकी पत्नी ने मुकदमा दर्ज कराया है. फरहान की पत्नी अंबरीन ने चकेरी थाने में दहेज उत्पीड़न और तीन तलाक देने की रिपोर्ट दर्ज कराई है. रिपोर्ट में देवर और देवरानी पर भी पांच लाख रुपये मांगने और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया गया है. पुलिस ने इस मामले में देवर और देवरानी को भी नामजद किया है.
डिफेंस कॉलोनी निवासी अंबरीन फातिमा की 25 मार्च 2009 को फरहान सोलंकी से शादी हुई थी. अंबरीन के मुताबिक 8 सितंबर 2019 को फरहान ने तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया. इसके बाद उसने इसकी शिकायत चकेरी थाने में की पर सुनवाई नहीं हुई. अंबरीन का आरोप है कि विधायक के दबाव में पुलिस ने उसकी सुनवाई नहीं की. जिसके बाद अंबरीन ने मुख्यमंत्री कार्यालय और पुलिस कमिश्नर से इस मामले में न्याय की गुहार लगाई.
जिसके बाद पुलिस कमिश्नर के आदेश पर चकेरी थाने में केस दर्ज किया गया. अंबरीन का आरोप है उनके दो बच्चे हैं. शादी के दो वर्ष बाद फरहान के दूसरी महिला से अवैध संबंध हो गए थे. इसके विरोध पर वह प्रताड़ित करता था. लगातार प्रताड़ना के बाद उसने तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया. अब पुलिस ने दहेज प्रतापड़ना, मारपीट, धमकी देने, मुस्लिम महिला विवाह पर अधिकारों की सुरक्षा अधिनियम की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है.









