Kanpur News: जनपद कौशांबी उत्तर प्रदेश की श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर साध्वी मुस्कान सखी मां, वैष्णो किन्नर अखाड़ा एवं किन्नर जन कल्याण ट्रस्ट की संस्थापक तथा विश्व हिंदू महासंघ किन्नर प्रकोष्ठ की अध्यक्ष ने देश और प्रदेशवासियों को दीपावली पर्व एवं छठ पूजा की हार्दिक बधाई और ढेरों शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सभी लोगों से दीपावली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की
साध्वी मुस्कान सखी मां ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि अंधकार पर प्रकाश, बुराई पर अच्छाई और निराशा पर उम्मीद की जीत का संदेश देने वाला पर्व है। उन्होंने सभी परिवारों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि मां लक्ष्मी और भगवान श्री गणेश की कृपा सभी लोगों पर बनी रहे
वहीं छठ पूजा को लेकर उन्होंने कहा कि यह लोक आस्था और सूर्य उपासना का महत्वपूर्ण पर्व है। छठी मैया और भगवान सूर्य की आराधना से लोगों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की जाती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से छठ पूजा को श्रद्धा, स्वच्छता और आपसी सहयोग के साथ मनाने की अपील की
साध्वी मुस्कान सखी मां ने विशेष रूप से जरूरतमंद परिवारों का जिक्र करते हुए कहा कि छठ पूजा के दौरान जो भी व्यक्ति आर्थिक रूप से सक्षम नहीं है या किसी परेशानी से जूझ रहा है, उसकी हर संभव मदद करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज में कोई भी व्यक्ति त्योहार की खुशियों से वंचित न रहे, यही उनकी प्राथमिकता है
उन्होंने लोगों से अपील की कि त्योहार के अवसर पर एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटें और जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आएं। उनकी इस पहल से सामाजिक सहयोग, मानवता और भाईचारे का संदेश मजबूत होने की उम्मीद है।









