Lucknow Crime News: राजधानी लखनऊ (Lucknow Crime) के दयाल रेजिडेंसी में एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां कुछ युवक और युवतियाँ शराब पार्टी कर रहे थे। इस दौरान गोली चल गई, जिसमें निष्ठा त्रिपाठी नामक लड़की गंभीर रूप से जख्मी हो गई। युवती को फौरन घायल अवस्था में लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस घटना को लेकर मृतक के साथ पार्टी कर रहे छात्र आदित्य पाठक सहित दो लोगों को हिरासत में ले लिया है।
Lucknow Crime News: पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, चिनहट कोतवाली क्षेत्र के दयाल रेजिडेंसी में कुछ दोस्त पार्टी कर रहे थे। पार्टी में जाम भी छलक रहा था। इसी दौरान किसी ने गोली चला दी, जो निष्ठा त्रिपाठी नामक लड़की को जा लगी। निष्ठा बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय की छात्रा बताई जा रही है। गोली चलने की आवाज आते ही इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग फौरन घटनास्थल पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि गोली लगने के कारण छात्रा जख्मी होकर बेसुध पड़ी हुई है। मौके पर काफी खून बहा हुआ था। इसके बाद आननफानन में एंबुलेंस को बुलाया गया और पीड़िता को लोहिया अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस कर रही जाँच पड़ताल
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक छात्रा हरदोई जिले की रहने वाली थी और यहां हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है। वहीं, मृतका के साथ पार्टी में शामिल छात्र आदित्य पाठक सहित दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने उनसे इसे बारे में पूछताछ कर रही है। वहीं, जिस बंदूक से गोली चली थी, उसे भी जब्त कर लिया गया है। बंदूक के बारे में पता लगाया जा रहा है। अवैध होने की सूरत में मर्डर के साथ-साथ आर्म्स एक्ट का भी चार्ज लगेगा। मृतक छात्रा के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद शव उन्हें सौंप दिया जाएगा। निष्ठा त्रिपाठी के पिता संतोष तिवारी यूपी सहकारी ग्राम विकास बैंक में सीनियर बैंक मैनेजर हैं। निष्ठा अमीषा व एक अन्य लड़की के साथ ढाई साल से दयाल रेजीडेन्सी में रह रही थी।