Lucknow News: लखनऊ में कॉलेजियम व्यवस्था खत्म करने की मांग, न्यायिक सुधारों को लेकर निकलेगी 11 किमी पदयात्रा !

Facebook
X
WhatsApp

Lucknow News: न्यायिक नियुक्तियों में पारदर्शिता, न्यायपालिका में जवाबदेही और लंबित मुकदमों के शीघ्र निस्तारण समेत विभिन्न मांगों को लेकर लखनऊ में भारतीय न्याय व्यवस्था परिवर्तन अभियान-2026 के तहत प्रेस वार्ता और शांतिपूर्ण पदयात्रा आयोजित की जाएगी। अभियान से जुड़े लोग हाईकोर्ट गेट नंबर छह के पास दोपहर 12 बजे एकत्र होंगे। इसके बाद दोपहर एक बजे प्रेस वार्ता कर न्यायिक सुधारों से संबंधित अपनी मांगें रखेंगे।

आयोजकों के मुताबिक, पदयात्रा हाईकोर्ट से शुरू होकर कैसरबाग स्थित जिला न्यायालय तक निकाली जाएगी। इसकी दूरी करीब 11 किलोमीटर बताई गई है। आयोजकों ने पदयात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की बात कही है।

कॉलेजियम व्यवस्था समाप्त करने की उठेगी मांग

अभियान के दौरान न्यायाधीशों की नियुक्ति में मौजूदा कॉलेजियम व्यवस्था को समाप्त कर पारदर्शी और स्वतंत्र नियुक्ति प्रणाली बनाए जाने की मांग उठाई जाएगी। इसके साथ ही न्यायिक भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और न्यायपालिका की जवाबदेही बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।

आयोजकों की ओर से अदालतों में न्यायाधीशों की संख्या बढ़ाने की मांग भी रखी जाएगी, ताकि लंबित मामलों का जल्द निस्तारण हो सके। इसके अलावा जिला न्यायालयों के आधुनिकीकरण और युवा अधिवक्ताओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने जैसे मुद्दे भी अभियान में शामिल हैं।

WhatsApp Image 2026 10 15 at 11.53.33 AM

भारतीय भाषाओं को बढ़ावा देने और बंदियों के अधिकारों पर जोर

न्यायिक सुधारों से जुड़ी मांगों में अदालतों में भारतीय भाषाओं के प्रयोग को बढ़ावा देना भी शामिल है। अभियान से जुड़े लोग चाहते हैं कि न्यायिक प्रक्रिया आम लोगों के लिए अधिक सुलभ हो और भाषा के कारण न्याय पाने में कठिनाई न आए।

इसके साथ ही जेलों में बंद बंदियों के मानवाधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई जाएगी। आयोजकों के अनुसार, न्याय व्यवस्था में सुधार के लिए नियुक्तियों की पारदर्शिता से लेकर अदालतों के बुनियादी ढांचे और न्याय तक आम लोगों की पहुंच जैसे मुद्दों पर ध्यान देना जरूरी है।

तीन संगठनों की ओर से आयोजन

भारतीय न्याय व्यवस्था परिवर्तन अभियान-2026 के तहत प्रस्तावित इस कार्यक्रम का आयोजन हिंदुस्तान रिवोल्यूशनरी एसोसिएशन, यूनाइटेड प्रोविंस इलाहाबाद और कौन्तेय जस्टिस फाउंडेशन की ओर से किया जा रहा है।

आयोजकों के अनुसार, प्रेस वार्ता में न्यायिक सुधारों से जुड़ी मांगों को विस्तार से रखा जाएगा, जबकि पदयात्रा के माध्यम से इन मुद्दों को लेकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया जाएगा। अब कार्यक्रम के दौरान उठाई जाने वाली मांगों और आयोजकों के अगले कदमों पर नजर रहेगी।

लोकेशन: लखनऊ | संवाददाता: सुभाष चंद्र

 

 

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें