Maharashtra News: महाराष्ट्र के बीड जिले में रविवार सुबह एसटी बस और कार के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
तुलजापुर दर्शन के लिए जा रहे थे कार सवार
जानकारी के मुताबिक, हादसा रविवार सुबह करीब 11 बजे माजलगाव तालुका के शिंदेवाडी फाटा के पास खामगांव-पंढरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। कार में सवार लोग तुलजापुर में दर्शन करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार की एसटी बस से आमने-सामने की टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार पांच लोगों की जान चली गई। मृतकों में माजलगाव शहर के गजानन नामदास भी शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खराब सड़क को लेकर लोगों में नाराजगी
हादसे के बाद माजलगाव-तेलगाव-धारूर मार्ग और खामगांव-पंढरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। नागरिकों का आरोप है कि सड़क निर्माण में कथित लापरवाही के कारण पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और लोगों की जान जा चुकी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क पर कई जगह खतरनाक जंप ब्रेकर बने हुए हैं, जबकि कुछ हिस्सों में गहरी दरारें भी पड़ गई हैं। उनका कहना है कि सड़क की खराब हालत के कारण वाहन चालकों को परेशानी होती है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग
ताजा हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों ने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी सड़क निर्माण में कथित लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग कर रहे हैं।
नागरिकों का कहना है कि सड़क की स्थिति में सुधार किया जाए और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं। पांच लोगों की मौत के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। अब देखना होगा कि संबंधित अधिकारी सड़क की स्थिति की जांच कर सुधार के लिए क्या कदम उठाते हैं।









