Mahmudabad News: मुआवजे और जमीन पर कब्जे से नाराज युवक ने उठाया खौफनाक कदम, पानी की टंकी पर चढ़ा !

Facebook
X
WhatsApp

Mahmudabad News: उत्तर प्रदेश के जिला सीतापुर में महमूदाबाद नगर के बेहटा वार्ड में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जमीन के मुआवजे और कब्जे से नाराज एक व्यक्ति इलाके में बनी पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक मौके पर जिलाधिकारी (डीएम) को बुलाने की जिद पर अड़ा रहा। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और उपजिलाधिकारी (एसडीएम) महमूदाबाद तत्काल मौके पर पहुंचे और काफी देर तक चली समझाइश के बाद उसे सकुशल नीचे उतार लिया।

टंकी पर चढ़े युवक का आरोप है कि पूर्व में सरकार द्वारा उसकी जमीन का अधिग्रहण किया गया था, लेकिन आज तक उसे जमीन का पूरा और उचित मुआवजा नहीं मिला है। पीड़ित के अनुसार, इस मामले को लेकर न्यायालय में मुकदमा भी विचाराधीन है।

जानकारी के मुताबिक, प्रशासन ने हाल ही में न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए विवादित जमीन को खाली कराया था और आवंटित व्यक्ति को उस पर कब्जा दिला दिया था। प्रशासन की इसी कार्रवाई और मुआवजे की अनदेखी से आहत होकर युवक ने विरोध का यह तरीका अपनाया और पानी की टंकी पर चढ़कर डीएम को मौके पर बुलाने की मांग करने लगा।

पुलिस व प्रशासन की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा। टंकी पर व्यक्ति के चढ़ने की खबर फैलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम महमूदाबाद व कोतवाली के निरीक्षक सतेंद्र विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने युवक की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर उसे शांत कराया, जिसके बाद वह नीचे उतर आया। युवक के सकुशल नीचे उतरने पर प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

लोकेशन- महमूदाबाद ( सीतापुर )
रिपोर्टर- उत्तम कुमार गुप्ता

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें