Lucknow News: CM योगी ने जारी की ‘योगी की पाती’ कॉफी टेबल बुक, विकास और जनसेवा के सफर को किया साझा !

Facebook
X
WhatsApp

Lucknow News:  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर ‘योगी की पाती’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ प्रदेशवासियों के साथ संवाद की अनूठी यात्रा के 50 से अधिक सप्ताह पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रकाशित इस पुस्तक के साथ मुख्यमंत्री ने संवाद यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन भी किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘योगी की पाती’ केवल एक संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की समस्याओं, संवेदनाओं और सरोकारों को सामने लाने का प्रयास है। सरकार का दायित्व है कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। सरकार किसी पर अनुग्रह या कृपा नहीं करती, बल्कि अपने कर्तव्यों का निर्वहन करती है।

वनटांगिया समुदाय को दिलाए नागरिक अधिकार

मुख्यमंत्री ने वनटांगिया समुदाय का उदाहरण देते हुए बताया कि अंग्रेजी शासन के दौरान रेलवे लाइन बिछाने के लिए बड़े पैमाने पर जंगलों की कटाई की गई थी। बाद में जंगलों को विकसित करने के लिए कुछ परिवारों को वहां बसाया गया, लेकिन समय के साथ ये परिवार उपेक्षा का शिकार हो गए। आजादी के बाद भी उन्हें मकान, बिजली, पानी, राशन कार्ड और ग्राम प्रधान चुनने जैसे बुनियादी अधिकार नहीं मिले।

योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2005-06 की घटना का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने महाराजगंज में वनटांगिया परिवारों को बदहाल स्थिति में प्रदर्शन के लिए जाते देखा था। उनकी समस्याएं सुनने के बाद भोजन और रात्रि विश्राम की व्यवस्था कराई तथा उनकी लड़ाई लड़ने का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में सत्ता संभालने के बाद वनटांगिया परिवारों को उनके अधिकार दिलाने की दिशा में प्राथमिकता से काम किया गया। आज प्रदेश की 54 वनटांगिया बस्तियों के हजारों परिवार बुनियादी सुविधाओं और नागरिक अधिकारों से जुड़े हैं।

मुसहर और कोल समाज को भी योजनाओं से जोड़ा

मुख्यमंत्री ने मुसहर, थारू, चेरो, गोंड, कोल, बुक्सा और शहरिया जैसे वंचित समुदायों की स्थिति का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कभी प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध रहे ये समुदाय समय के साथ उपेक्षा और अभाव का सामना करने लगे।

मुसहर समाज का उदाहरण देते हुए उन्होंने कुशीनगर में भूख से हुई मौतों का जिक्र किया और कहा कि आज इस समुदाय के परिवारों को जमीन के पट्टे, आवास और सरकार की विभिन्न योजनाओं से जोड़ा गया है। वहीं चित्रकूट के कोल समाज के परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानजनक जीवन जीने और सरकारी योजनाओं का लाभ पाने का अधिकार है। जिसकी आवाज नहीं है, उसे भी शासन की योजनाओं से वंचित नहीं रखा जा सकता।

इंसेफेलाइटिस के खिलाफ लड़ाई का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में इंसेफेलाइटिस के खिलाफ किए गए प्रयासों को शासन की संवेदनशीलता का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि पहले हर साल जुलाई से नवंबर के बीच हजारों बच्चे इस बीमारी की चपेट में आते थे और सैकड़ों की जान चली जाती थी।

बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि एक समय 100 मरीजों की क्षमता वाले वार्ड में 1,000 से 1,200 मरीज मौजूद थे। बच्चों के इलाज के लिए जरूरी सुविधाओं का भी अभाव था। इसके बाद चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने के प्रयास किए गए।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सरकार के निरंतर प्रयासों से इंसेफेलाइटिस पूरी तरह समाप्त हो गई है और अब इस बीमारी से किसी बच्चे की मौत नहीं होती।

शिक्षा व्यवस्था में बदलाव का किया उल्लेख

योगी आदित्यनाथ ने बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में हुए बदलावों की जानकारी देते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले कई स्कूलों में शिक्षकों और बुनियादी सुविधाओं का अभाव था। बड़ी संख्या में बच्चे, विशेषकर बेटियां, बिना जूते-चप्पल के स्कूल जाने को मजबूर थीं।

उन्होंने बताया कि आज लगभग 1.60 करोड़ बच्चों को दो यूनिफॉर्म, स्कूल बैग, किताबें और जूते-मोजे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। डीबीटी के माध्यम से धनराशि सीधे अभिभावकों के खातों में भेजी जाती है। ऑपरेशन कायाकल्प के जरिए विद्यालयों में बुनियादी सुविधाएं विकसित की गई हैं और लगभग 96 प्रतिशत संतृप्ति हासिल की गई है। इसके अलावा अटल आवासीय विद्यालय और सीएम कंपोजिट विद्यालय भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नए केंद्र बन रहे हैं।

युवाओं, किसानों, महिलाओं और श्रमिकों के मुद्दों को मिली जगह

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘योगी की पाती’ में युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं, किसानों और श्रमिकों सहित समाज के हर वर्ग के सरोकारों को स्थान दिया गया है। इसका उद्देश्य सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी प्रयासों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि कई बार योजनाएं उपलब्ध होने के बावजूद जानकारी के अभाव में पात्र लोग उनका लाभ नहीं उठा पाते। आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड और निराश्रित महिला पेंशन जैसी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘योगी की पाती’ के माध्यम से शासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने तथा योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।

 

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें