Greater Noida News: दादरी क्षेत्र के रूपवास गांव में महज 24 घंटे के भीतर तीन लोगों की मौत से हड़कंप मच गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तीनों की मौत ब्रेन हेमरेज और हार्ट अटैक के कारण हुई है। वहीं, इसी दौरान गांव के एक अन्य व्यक्ति को भी दिल का दौरा पड़ गया, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लगातार हुई इन घटनाओं से पूरे गांव में शोक की लहर है।
24 घंटे में तीन लोगों की मौत
ग्रामीणों के अनुसार, शनिवार रात से रविवार रात के बीच गांव के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान जिगराम, सुंदर कालसन और डॉक्टर असकरण चौधरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों की उम्र करीब 60 से 70 वर्ष के बीच थी। तीन लोगों की मौत से ग्रामीणों में चिंता और दुख का माहौल है। सोमवार सुबह तक तीनों मृतकों का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया।
एक अन्य व्यक्ति को भी आया दिल का दौरा
तीन लोगों की मौत के बीच गांव के एक अन्य व्यक्ति को भी हार्ट अटैक आने की जानकारी सामने आई है। उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत को लेकर परिवार और ग्रामीण चिंतित हैं।
गांव में पसरा मातम
लगातार हुई तीन मौतों ने रूपवास गांव को गमगीन कर दिया है। जिन परिवारों ने अपने परिजनों को खोया है, उनके घरों में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि महज 24 घंटे के भीतर एक ही गांव में तीन लोगों की मौत होना बेहद दुखद है। वहीं, एक अन्य व्यक्ति के अस्पताल में भर्ती होने से गांव के लोगों की चिंता और बढ़ गई है।









