PCS Alankar Agnihotri: ब्राह्मण समाज की अस्मिता और सम्मान को लेकर इस्तीफा देने वाले बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट और पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। उनके अचानक इस्तीफे के बाद न केवल प्रशासनिक बल्कि राजनीतिक हलकों में भी हलचल मच गई है। इसी बीच शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने अलंकार अग्निहोत्री से फोन पर बातचीत कर उनके कदम की सराहना की है और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया है।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर अलंकार अग्निहोत्री ने अपने पद से इस्तीफा देकर सबको चौंका दिया था। (PCS Alankar Agnihotri) उन्होंने माघ मेले के दौरान शंकराचार्य और ब्राह्मण बटुकों के साथ कथित अन्याय और यूजीसी के नए एक्ट के विरोध को अपने फैसले का आधार बताया था। साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार पर ब्राह्मण विरोधी रवैया अपनाने का आरोप भी लगाया। इस्तीफे के कुछ ही घंटों बाद देर रात उन्हें निलंबित कर उनके खिलाफ जांच के आदेश जारी कर दिए गए।
प्रयागराज में मौनी अमावस्या से अपने शिविर में डेरा जमाए शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने अलंकार से फोन पर बात की। बातचीत के दौरान अलंकार अग्निहोत्री ने चरण स्पर्श कर शंकराचार्य से आशीर्वाद लिया। (PCS Alankar Agnihotri) शंकराचार्य ने कहा कि उनके इस्तीफे की खबर से दो तरह की भावनाएं पैदा हुई हैं। (PCS Alankar Agnihotri) एक ओर यह दुख है कि उन्होंने कठिन परिश्रम से जिस पद को हासिल किया था, वह एक झटके में छूट गया, लेकिन दूसरी ओर सनातन धर्म और उसके प्रतीकों के प्रति उनकी निष्ठा ने पूरे सनातनी समाज को प्रसन्न किया है।
शंकराचार्य ने अलंकार अग्निहोत्री के साहसिक कदम की खुले तौर पर प्रशंसा करते हुए उन्हें सनातन धर्म की सेवा से जुड़ने का प्रस्ताव भी दिया। (PCS Alankar Agnihotri) उन्होंने कहा कि सरकार के पद से बड़ा पद धर्म के क्षेत्र में उन्हें देने का प्रस्ताव है, ताकि वे सनातन की सेवा में सक्रिय भूमिका निभा सकें। बातचीत के अंत में अलंकार अग्निहोत्री ने भी जल्द ही शंकराचार्य से व्यक्तिगत रूप से मिलने की बात कही।















