Rajasthan: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने टोंक के निवाई में इंदिरा रसोई के शुभारंभ कार्यक्रम में शिरकत की. इस दौरान उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है इसलिए चुनाव जीतने के बाद ये कभी नहीं भूलना चाहिए कि सत्ता पर आपको किसने बिठाया है. जिस तरह की श्रद्धा लोग भगवान में रखते हैं, वैसी ही श्रद्धा नेताओं को जनता में रखनी चाहिए.
प्रियंका गांधी ने वाकये का जिक्र करते हुए कहा, ”मेरी बहनों को पता होगा कि रणथंभौर के किले में गणेश जी का प्रसिद्ध मंदिर है. मैं भी कई बार मंदिर गई हूं. मुझे हैरानी होती है कि जब भी उधर से वापस आती हूं उसी रास्ते से शेर और बाघ चलकर आते हैं. जिनसे आमना-सामना हो जाए तो दिक्कत हो सकती है. लेकिन लोगों के मन में यह विश्वास होता है कि मंदिर से आ रहे हैं तो उन्हें कुछ नहीं होगा. मेरे मन में अक्सर बात आती है इस तरह की श्रद्धा हम लोगों के मन में आप लोगों के लिए होनी चाहिए.”
जनता जनार्दन होती है, यह समझना जरूरी- प्रियंका गांधी
कांग्रेस नेत्री ने आगे कहा, ”जब हम कहते हैं कि जनता जनार्दन है तो यह बहुत गहरी बात है. इस बात को समझना जनता और नेता दोनों के लिए जरूरी है. इंसान सत्ता में आकर भूल जाता है कि उसे वहां लेकर कौन आया है. ये बात कभी नहीं भूलनी चाहिए. लोकतंत्र में जनता ही भगवान होती है. सबसे ऊंची जनता होती है. यही हमारे देश की राजनीतिक परंपरा रही है.”
सीएम गहलोत के कामकाज की प्रियंका ने की तारीफ
प्रियंका गांधी सीएम गहलोत के कार्य़काल की तारीफ करते हुए कहा, ” गांधी जी कहते थे कि जबतक इस देश के एक भी व्यक्ति के आंख में आंसू है और जब तक हम उनके आंसू नहीं पोंछ लेते तब तक हमारा काम पूरा नहीं होगा. यही हमारे लोकतंत्र की नींव है. आज राजस्थान सरकार भी जन कल्याणकारी कार्यक्रम और योजनाओं से इसी तरह आगे बढ़ रही है. जतना और किसान को भगवान समझकर काम कर रही है. यही भावना लेकर सरकार के अधिकारी काम कर रहे हैं.”
https://youtu.be/Qe7_80eLmks?si=E0uK7P83eieu8tOZ










