The Kashmir Files में कश्मीरी पंडित का किरदार निभाने पर बोले दर्शन कुमार

Facebook
X
WhatsApp

निर्देशक विवेक अग्निहोत्री की ‘द कश्मीर फाइल्स’ इन दिनों पूरे देश में छाई हुई है. दर्शकों से इस फिल्म को खूब प्यार मिल रहा है. कई बड़ी फिल्मों को टक्कर देने के साथ ही फिल्म कई रिकॉर्ड कायम करती भी नजर आ रही है. दर्शकों से मिल रहे प्यार को देखकर फिल्म की स्टारकास्ट भी काफी खुश है. फिल्म में दर्शन कुमार भी कश्मीरी पंडित के किरदार में हैं, जिन्होंने अब तक द फैमिली मैन सीरीज, मैरी कॉम, एनएच10 और सरबजीत जैसी फिल्मों में चैलेंजिंग रोल किए हैं. लेकिन, दर्शन कुमार का कहना है कि अब तक की फिल्मों में उनके लिए ‘द कश्मीर फाइल्स’ में उनका किरदार सबसे ज्यादा चुनौतीपूर्ण रहा।

विवेक अग्निहोत्री के निर्देशन में बनी द कश्मीर फाइल्स में दर्शन कुमार, एक संघर्षरत कश्मीरी पंडित की भूमिका निभा रहे हैं, जो अपने माता-पिता और भाई की मौत के पीछे की सच्चाई का पता लगाने की कोशिश कर रहा है. फिल्म में अपने किरदार को लेकर दर्शन कुमार कहना है कि उनके लिए फिल्म की शूटिंग आसान नहीं थी. फिल्म की शूटिंग के दौरान वह लगभग डिप्रेशन में चले गये थे।

द कश्मीर फाइल्स की कहानी 1990 में कश्मीरी पंडितों के पलायन के पीड़ितों की पहली पीढ़ी के वीडियो इंटरव्यूज पर आधारित एक कहानी है. फिल्म में अपने किरदार के बारे में बात करते हुए दर्शन कुमार कहते हैं- ‘मैंने अपने किरदार कृष्ण पंडित में उतरने के लिए पब्लिक डोमेन पर मौजूद कई वीडियो देखे. क्योंकि मुझे कृष्ण पंडित और उनके परिवार के साथ घटी हर घटना को जीना था. मैं ये सब देखकर बहुत दर्द में था. मैं लगभग डिप्रेशन में जा चुका था।

उन्होंने आगे कहा- ‘मैं बहुत लो महसूस करने लगा. यहां तक कि जब मैं एक होटल में रहकर आराम कर रहा था, तब भी मैंने अपने किरदार को जीने की कोशिश की. जब मैं इस फिल्म की शूटिंग कर रहा था, रातों में सोता नहीं था. फिल्म की शूटिंग खत्म करने के बाद मैंने हफ्तों मेडिटेशन किया, क्योंकि मैं इससे बाहर आना चाहता था. तो इसने मुझ पर बहुत असर किया. लेकिन, अब फिल्म को जो रिस्पॉन्स मिल रहा है उसे देखकर मुझे लग रहा है कि मैंने जो कुछ सहा मुझे उसकी कीमत मिल गई है।

‘द कश्मीर फाइल्स’ में कश्मीरी पंडितों पर हुए अत्याचार की कहानी दिखाई गई है. इसके अलावा फिल्म में आर्टिकल 370 और कश्मीर के इतिहास को भी दिखाया गया है. इस फिल्म में अनुपम खेर, मिथुन चक्रवर्ती, पल्लवी जोशी, अमान इकबाल और दर्शन कुमार जैसे सितारे महत्वपूर्ण किरदार में हैं. जिनकी एक्टिंग को खूब तारीफें मिल रही हैं।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें