UP News: जिले के दरियावगंज थाना (UP News) के पटियाली मार्ग पर ग्राम गढ़ई के निकट शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा घटित हुआ। यहां माघ पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर तालाब में पलट गयी। हादसे में बच्चों, महिलाओं समेत एक दर्जन से अधिक लोगों की डूबने से मौत होने की खबर मिल रही है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने राहत बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार माघ पूर्णिमा पर्व पर पटियाली के कादरगंज गंगा घाट पर स्नान करने के लिए लगभग 40 श्रद्धालु ट्रैक्टर ट्रॉली से जा रहे थे। तभी दरियावगंज थाना पटियाली मार्ग पर ग्राम गढ़ई के निकट ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित हो गयी और सड़क किनारे तालाब में पलट गयी। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गयी।
मौके से गुजर ग्रामीणों ने राहत बचाव कार्य शुरू किया और घटना की जानकारी पुलिस को दी। तालाब में डूबने से एक दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत हो गयी है। मरने वालों में कई महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु जैथरा थाना क्षेत्र के गांव छोटे कसा के रहने वाले हैं। पुलिस ने आनन-फानन में राहत बचाव कार्य शुरू करा दिया है। वहीं गंभीर रूप से घायल लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है।
UP News: मुख्यमंत्री ने जताया शोक
जनपद कासगंज में हुए ह्दय विदायक सड़क दुर्घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि कासगंज में हुई जनहानि अत्यंत हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों को सभी घायलों के समुचित निःशुल्क उपचार हेतु निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
Comments 1