रिपोर्ट -मिथिलेश गुप्ता
UP News: चन्दौली जनपद से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से लाखों रुपये की अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में एक शातिर तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, सैयदराजा थाना क्षेत्र में स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ संयुक्त अभियान चलाया गया। (UP News) एनएच-19 हाईवे पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोका गया। शुरुआती जांच में ट्रक के ऊपर प्याज की बोरियां लदी हुई दिखाई दीं, लेकिन जब पुलिस ने गहराई से तलाशी ली तो उन्हीं बोरियों के बीच छिपाकर रखी गई अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

तलाशी के दौरान कुल 407 पेटी शराब बरामद की गई, जिसकी मात्रा 3654 लीटर से अधिक बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, जब्त शराब की बाजार कीमत करीब 70 लाख रुपये आंकी गई है।
जांच में यह भी सामने आया है कि यह शराब मध्य प्रदेश के शिवपुरी से बिहार के दरभंगा ले जाई जा रही थी। (UP News) मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान हरिओम धाकड़ के रूप में हुई है।
पुलिस ने ट्रक के साथ एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। इस मामले में आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है, ताकि इस अवैध शराब तस्करी गिरोह का पूरा खुलासा किया जा सके।













