रिपोर्ट -मनोज कुमार
UP News: विकासखंड निंदूरा के ग्राम बहरौली स्थित सुप्रसिद्ध बाबा मस्तराम दास आश्रम पर गुरुवार को आयोजित हवन एवं भंडारे में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस पावन अवसर पर स्थानीय क्षेत्र के साथ-साथ कई जिलों से आए लाखों भक्तों ने भाग लिया, माथा टेका और “बाबा मस्तराम दास” के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
जानकारी के अनुसार, हर माह की पूर्णिमा के अवसर पर इस आश्रम में हवन पूजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाता है। मान्यता है कि बाबा मस्तराम दास अपने भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं, इसी आस्था के चलते दूर-दूर से श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।

इस बार भी बृहस्पतिवार को सीतापुर, बहराइच, गोंडा, कानपुर, लखीमपुर और लखनऊ सहित विभिन्न जनपदों से भारी संख्या में श्रद्धालु आश्रम पहुंचे। भक्तों ने विधि-विधान से हवन में आहुति दी और भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। मेले जैसा माहौल रहा, जहां दूरदराज से आए लोगों ने खरीदारी का भी भरपूर आनंद लिया।
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए स्थानीय कुर्सी पुलिस दल-बल के साथ मुस्तैद रही और पूरे आयोजन पर नजर बनाए रखी। वहीं, आश्रम समिति के सदस्यों ने भी श्रद्धालुओं की सुविधा और सहयोग के लिए सक्रिय भूमिका निभाई।
पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा, जिससे यह धार्मिक आयोजन एक भव्य मेले का रूप लेता नजर आया।












