Nepal Earthquake: नेपाल में 5.4 तीव्रता का भूकंप, उत्तर बंगाल से बिहार तक महसूस हुए तेज झटके; घरों से बाहर निकले लोग !

Facebook
X
WhatsApp

Nepal Earthquake: उत्तर बंगाल से बिहार तक मंगलवार की सुबह भूकंप के झटकों से धरती कांप उठी। पड़ोसी देश नेपाल के कोशी प्रांत में आए 5.4 तीव्रता के भूकंप का असर भारत के कई इलाकों में देखने को मिला। सुबह करीब 7 बजे पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और सिलीगुड़ी समेत कई क्षेत्रों में तेज झटके महसूस किए गए। वहीं, बिहार के समस्तीपुर में भी धरती हिलने से लोगों में दहशत फैल गई।

झटके महसूस होते ही घरों से बाहर निकले लोग

सुबह-सुबह अचानक धरती हिलने से लोग घबरा गए। उत्तर बंगाल के कई इलाकों में लोग आनन-फानन में अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने या बड़े पैमाने पर संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। प्रशासनिक अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति का जायजा ले रहे हैं।

समस्तीपुर में करीब 2 सेकेंड तक कांपी धरती

बिहार के समस्तीपुर में सुबह करीब 7:04 बजे भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब दो सेकेंड तक धरती में कंपन हुआ। कई वर्षों बाद भूकंप के झटके महसूस होने के कारण शुरुआत में लोगों को समझ नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है। ठंड के चलते ज्यादातर लोग अपने घरों के अंदर थे, तभी अचानक कंपन महसूस हुआ।

नेपाल के कोशी प्रांत में था भूकंप का केंद्र

यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंप विज्ञान केंद्र (EMSC) के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.4 दर्ज की गई। इसका केंद्र नेपाल के कोशी प्रांत में जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे था।

हिमालयी क्षेत्र में स्थित होने के कारण नेपाल में आने वाले भूकंप का असर अक्सर भारत के सीमावर्ती राज्यों में भी महसूस किया जाता है। इस भूकंप के झटके बांग्लादेश, भूटान और चीन के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए जाने की संभावना जताई गई है।

फिलहाल प्रभावित इलाकों में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें