लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के अंतिम दौर में अब तमाम पार्टियों ने जोर आजमाइश शुरू कर दी है. स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी करने का दौर भी जारी है. इसी क्रम में शनिवार को कांग्रेस पार्टी ने उत्तर प्रदेश के लिए स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है. वहीं कांग्रेस नौ फरवरी को लखनऊ में अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी करेगी. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा घोषणापत्र जारी करेंगी. लिस्ट में गुलाम नबी आजाद को जगह मिली है जबकि पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी और पूर्व यूपी अध्यक्ष राजबब्बर शामिल नहीं किए गए हैं.
कांग्रेस ने यूपी चुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है. इसमें कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी का नाम नहीं शामिल है. लिस्ट में राहुल गांधी पहले और प्रियंका गांधी दूसरे नंबर पर हैं. सूची में अजय कुमार लल्लू, सलमान खुर्शीद, प्रमोद तिवारी, पीएल पुनिया समेत 30 नेताओं के नाम शामिल हैं. मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी इस सूची में हैं. वहीं, पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन को लिस्ट में रखा गया है.
यूपी की 403 सीटों पर 7 चरणों में मतदान होगा. पहले चरण में 10 फरवरी को होगा. दूसरे चरण का मतदान 14 फरवरी, तीसरे चरण का मतदान 20 फरवरी, चौथे चरण का मतदान 23 फरवरी, 5वें चरण का मतदान 27 फरवरी, छठे चरण का मतदान 3 मार्च और 7वें व आखिरी चरण का मतदान 7 मार्च को होगा. चुनाव के नतीजे 10 मार्च को आएंगे.













