मानसून इस वक्त अपने अंतिम दौर में हैं और कई राज्यों में काफी सक्रिय है, जिसकी वजह से आम जनजवीन प्रभावित हुआ है। भारतीय मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि आज भी देश के कई प्रांतों में भारी बारिश की आशंका है। आईएमडी के ताजा ट्वीट में कहा गया है कि अगले कुछ घंटों के दौरान नरेला, अलीपुर, बुराड़ी, मॉडल टाउन, करावल नगर, सिविल लाइंस, दिलशाद गार्डन, सीमापुरी, कश्मीरी गेट, सीलमपुर, विवेक विहार, लाल किला के आसपास इलाकों में भारी बारिश की आशंका है।
वहीं महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नारनौल, बावल, नूंह (हरियाणा) देवबंद, शामली (यूपी) भिवाड़ी, तिजारा, खैरथल, अलवर, राजगढ़ (राजस्थान) में भारी बारिश हो सकती है। जबकि आज गाजियाबाद, नोएडा, फरीदाबाद में भी बादल बरसेंगे। मौसम विभाग ने पहले ही कह रखा है कि दिल्ली में इस पूरे हफ्ते बारिश का दौर जारी रहेगा। गुरुवार को भी दिल्ली में काफी बारिश हुई है। जिससे शुक्रवार की सुबह दिल्ली वालों के लिए थोड़ी ठंडी-ठंडी रही।
गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश हो सकती है। जबकि यूपी और उत्तराखंड में पहले से ही ‘यलो-अलर्ट’ जारी है। पानीपत, गोहाना, गन्नौर, सोनीपत, रोहतक, खरखौदा, भिवानी, चरखी दादरी, मट्टनहेल, झज्जर, लोहारू, कोसली, महेंद्रगढ़, सोहाना, नारनौल (हरियाणा) सहारनपुर, गंगोह, देवबंद, नजीबाबाद, शामली, मुजफ्फरनगर, कांधला, बिजौर , सकोटी टांडा, हस्तिनापुर, बड़ौत, दौराला, बागपत, मेरठ, खेकरा, मोदीनगर, किठौर, पिलाखुआ (यूपी) पिलानी, झुंजुनू, खैरथल, कोटपुतली, अलवर (राजस्थान) में तेज बारिश हो सकती है।
गुजरात में 25- 26 सितंबर और आंध्र प्रदेश में 26 सितंबर को मूसलाधार बारिश के आसार हैं तो वही कर्नाटक और तमिलनाडु में हल्की बारिश हो सकती है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक ईस्ट-मिडिल में बंगाल की खाड़ी से लगने वाले पूर्वोत्तर क्षेत्र में 25 सितंबर तक चक्रवाती प्रवाह बन रहा है। यह प्रवाह 48 घंटों के दौरान ज्यादा एक्टिव होगा, जिसकी वजह से देश के कई राज्यों में जमकर वर्षा होगी। विभाग ने कहा है कि सितंबर के अंत तक देश के कई राज्यों में बादल बरसेंगे और इसी कारण मानसून की विदाई अक्टूबर में ही होगी।









