उत्तर प्रदेश के बिजनौर में सोमवार को एक युवक ने अपने ही पिता की चाकू घोंपकर हत्या कर डाली। बताया गया कि पिता ने बेटे से उसकी बहन के इलाज के लिए कुछ रुपये मांगे थे जिस पर बेटे ने चाकू से उस पर ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं वारदात को अंजाम देकर आरोपी बेटा फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार नगर के नजीबाबाद क्षेत्र के मोहल्ला जाब्तागंज निवासी 70 वर्षीय वृद्ध मोहम्मद यूसुफ पॉपकॉर्न बेचकर परिवार की आजीविका चलाता था। उसकी पुत्री अर्शी कुछ समय से बीमार चल रही थी। पिता जैसे-तैसे उसे उपचार दिला रहा था।
सोमवार को वह बेटी को चिकित्सक के यहां उपचार के लिए ले जाना चाहता था। सुबह तकरीबन आठ बजे उसने अपने बड़े बेटे आसिम से बेटी के इलाज के लिए कुछ रुपये मांगे। इस पर बेटे ने रुपये देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर पिता पुत्र में कहासुनी हो गई।













