न्यूजीलैंड के क्रिकेटर रचिन रवींद्र भले ही पहले टी20 इंटरनेशनल में भारत के खिलाफ जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में बल्ले से ज्यादा कुछ कमाल नहीं मचा पाए, लेकिन उन्होंने मैदान पर सबका ध्यान खींचा. 21 वर्षीय भारतीय मूल के इस खिलाड़ी का भारत और भारतीय क्रिकेटरों से खास नाता है. दरअसल, रचिन का नाम ‘मास्टर ब्लास्टर’ सचिन तेंदुलकर और ‘द वॉल’ राहुल द्रविड़ का मिश्रण है. रचिन आज अपना 22वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रहे हैं. उनका इंटरनेशनल करियर इसी साल सितंबर में शुरू हुआ।
रचिन रवींद्र का जन्म 18 नवंबर 1999 को हुआ था. न्यूजीलैंड की राजधानी वेलिंग्टन के रहने वाले रवींद्र का भारतीय माता-पिता रवि कृष्णमूर्ति और दीपा कृष्णमूर्ति के घर हुआ. रवि कृष्णमूर्ति बेंगलुरु के एक सॉफ्टवेयर सिस्टम आर्किटेक्ट थे. न्यूजीलैंड में हट हॉक्स क्लब के संस्थापक रवींद्र के पिता रवि कृष्णमूर्ति 1990 के दशक की शुरुआत में देश भारत से चले गए थे. वह पहले बेंगलुरु में खेला करते थे।
राहुल और सचिन के नाम पर रखा गया नाम
रचिन का नाम सचिन और राहुल द्रविड़ के नाम को मिलाकर रखा गया है. इसमें राहुल द्रविड़ के RA और सचिन के नाम से Chin शब्द मिलाकर इस बल्लेबाज का नाम रखा गया है. रचिन रवींद्र के पिता रवि कृष्णमूर्ति पूर्व तेज गेंदबाज और मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ के अच्छे दोस्त हैं. दोनों ने साथ में बैंगलोर में क्रिकेट खेला है. रचिन की क्रिकेट को लेकर श्रीनाथ से अकसर बातचीत होती रहती है. रचिन रवींद्र ने महज 16 साल की उम्र में न्यूजीलैंड के लिए अंडर 19 वर्ल्ड कप खेला था. ये बल्लेबाज 2018 में भी न्यूजीलैंड के लिए अंडर 19 वर्ल्ड कप खेला. इस अंडर 19 वर्ल्ड कप को टीम इंडिया ने पृथ्वी शॉ की कप्तानी में जीता था।
भारत में भी खेले हैं रचिन रवींद्र
रवींद्र 2016 अंडर -19 विश्व कप और 2018 अंडर -19 क्रिकेट विश्व कप के लिए न्यूजीलैंड के दस्ते का हिस्सा रहे हैं. उन्होंने अपने ऑफ-सीजन के दौरान भारत में भी खेला है. रवींद्र तेलंगाना टुडे को दिए एक इंटरव्यू में कहा था, “मैंने प्रशिक्षण लिया है. पिछले चार वर्षों में हर साल आरडीटी (अनंतपुर, आंध्र प्रदेश) में खेला है।
2019-20 में बनाया पहला लिस्ट ए शतक
अपने आयु-स्तर के क्रिकेट के दौरान रचिन को 2018-19 सीजन में वेलिंग्टन के साथ अनुबंध मिला, जबकि उन्होंने उसी सीजन में पाकिस्तान के खिलाफ अपने लिस्ट ए क्रिकेट की शुरुआत की. उन्होंने 2019-20 की फॉर्ड ट्रॉफी में वेलिंग्टन का प्रतिनिधित्व करते हुए अपना पहला लिस्ट ए शतक बनाया. उन्होंने 2019-20 प्लंकेट शील्ड में अपना पहला प्रथम श्रेणी शतक बनाया।
भारत के खिलाफ बनाए सिर्फ 7 रन
रचिन रवींद्र ने नवंबर 2016 में Stuff.co.nz को बताया था, ”मेरी बल्लेबाजी के आदर्श सचिन तेंदुलकर हैं. जब मैं बहुत छोटा था, तब से मैंने अपना खेल उसी पर बनाया है.” बता दें कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए पहले टी20 मैच में 18वें ओवर में बैटिंग करने उतरे रचिन 8 गेंद की पारी में सिर्फ 7 रन बना सके. उन्हें मोहम्मद सिराज ने क्लीन बोल्ड किया. रचिन रवींद्र बाएं हाथ के स्पिनर हैं. हालांकि, उन्हें भारत के खिलाफ इस मुकाबले में गेंदबाजी का मौका नहीं मिला।









