रिपोर्ट -मनोज कुमार
UP News: बाराबंकी, 25 मई। जनपद में संचालित विकास एवं आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों के स्थलीय निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह ने विभिन्न सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण परियोजनाओं का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, रोड सेफ्टी मानकों एवं कार्यदायी संस्थाओं की कार्यशैली की गहन समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े सभी कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलम्ब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम लखनऊ -कुर्सी-महमूदाबाद मार्ग के किमी 19 से 51 तक दो लेन पेव्ड शोल्डर एवं आबादी भाग में चार लेन चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य की प्रगति का अवलोकन किया। लगभग 33 किलोमीटर लंबी इस परियोजना में अब तक हुई प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने नाले एवं नहरों पर निर्माणाधीन सेतु के कार्यों को शीघ्रता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि शेष बचे कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से समयान्तर्गत पूर्ण करने हेतु विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत की जाए।
जिलाधिकारी ने मौके पर कार्य कर रहे श्रमिकों की संख्या का भी सत्यापन कराया तथा कार्यों में और तेजी लाने हेतु श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। (UP News) उन्होंने शेष बचे विद्युत पोल शिफ्टिंग, वृक्षों के पातन एवं मिट्टी पटाई के कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि सभी कार्य तीव्र गति से पूर्ण कराए जाएं, जिससे परियोजना में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की भी गहन जांच की। (UP News) उन्होंने रोड के आरओडब्ल्यू (राइट ऑफ वे) के अंतर्गत बीच-बीच में छोटे-छोटे कार्य अधूरे छोड़े जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि कार्यों को चरणबद्ध एवं समग्र रूप से एक साथ पूर्ण किया जाए। उन्होंने विशेष जोर देकर कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान ही सड़क सुरक्षा मानकों को पूर्ण रूप से सुनिश्चित किया जाए तथा संभावित ब्लैक स्पॉट को चिन्हित करते हुए आवश्यक कार्यवाही समय से कर ली जाए।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने विकास खण्ड निन्दूरा क्षेत्र में बद्दुपुर खिजना मोड़ से मल्लावा मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया तथा कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिया निर्माण, ड्रेनेज व्यवस्था, सड़क सुरक्षा कार्य एवं अन्य निर्माण गतिविधियों की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क निर्माण परियोजनाएं जनसुविधा एवं क्षेत्रीय विकास से सीधे जुड़ी होती हैं, इसलिए कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। (UP News) उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए कार्यों में आने वाली बाधाओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान अधिशासी अभियन्ता, पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-3, श्री राजीव राय सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।














