Noida Kanwar Yatra Alert: कांवड़ यात्रा (Kanwar Yatra) को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर (Gautam Buddh Nagar) में मंगलवार को स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों के साथ कॉलेजों में भी मंगलवार को अवकाश घोषित किया गया है। कांवड़ियों की बढ़ती संख्या और यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। वहीं सोमवार को कई प्राइवेट स्कूलों में कक्षाएं ऑनलाइन मोड (Online Mode) पर संचालित की गईं।
Noida Kanwar Yatra Alert: मंगलवार को सभी स्कूल और कॉलेज रहेंगे बंद
अभिभावकों के मुताबिक, सोमवार को प्राइवेट स्कूलों की ओर से ग्रुप में संदेश भेजकर बताया गया था कि कांवड़ यात्रा को देखते हुए बच्चों की कक्षाएं ऑनलाइन संचालित होंगी। इसके विपरीत सरकारी स्कूलों में सोमवार को रोजाना की तरह कक्षाएं संचालित की गईं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (Basic Education Officer) राहुल पंवार ने बताया कि शासन के निर्देश पर मंगलवार को जिले के सभी स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। उन्होंने साफ किया कि स्कूलों को इस आदेश का पालन करना होगा। यदि किसी स्कूल के खुले होने की जानकारी मिलती है तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई (Departmental Action) की जाएगी।
उन्होंने बताया कि सभी स्कूलों को पहले ही निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि कांवड़ यात्रा के चलते मंगलवार को स्कूल बंद रखे जाएं। विभाग की ओर से आदेश का पालन सुनिश्चित कराने पर भी नजर रखी जाएगी।
Also Read –Prayagraj news: प्रयागराज में फर्जी LLB मार्कशीट का खेल, 39 वकीलों पर FIR
कांवड़ मार्गों पर भारी वाहनों की एंट्री बंद
कांवड़ यात्रा (Kanwar Yatra) को सकुशल और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस और ट्रैफिक पुलिस (Traffic Police) ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ने के बीच कांवड़ मार्गों पर भारी वाहनों (Heavy Vehicles) की आवाजाही रोक दी गई है।
जेवर, जहांगीरपुर, दनकौर और रबूपुरा क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। इन इलाकों में कांवड़ियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था (Traffic Management) पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक के बाद प्रमुख मार्गों, चौराहों और संपर्क मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल (Additional Police Force) भी लगाया गया है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है, ताकि कांवड़ियों को यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित न हो।
जेवर-खुर्जा मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही बंद
जेवर क्षेत्र में कांवड़ियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। जेवर-खुर्जा मार्ग (Jewar-Khurja Route) पर भारी वाहनों की आवाजाही सोमवार सुबह से पूरी तरह बंद कर दी गई है।
पुलिसकर्मी लगातार मार्गों की निगरानी कर रहे हैं। वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों (Alternative Routes) का इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। पुलिस की कोशिश है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु बनी रहे और किसी भी मार्ग पर जाम की स्थिति पैदा न हो।
पुलिस कमिश्नर ने मंदिर और कांवड़ मार्ग का किया दौरा
सोमवार को पुलिस कमिश्नर (Police Commissioner) लक्ष्मी सिंह ने डीएम (District Magistrate) मेधा रूपम के साथ क्षेत्र के प्रमुख कांवड़ मार्गों और नानकेश्वर महादेव मंदिर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों को जरूरी निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए। पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और किसी भी स्थिति में कांवड़ियों को परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि यात्रा मार्गों पर जाम की स्थिति पैदा न हो और पूरी व्यवस्था शांतिपूर्ण तरीके से चलती रहे।









