Balaghat News: मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में पत्नी के चरित्र पर संदेह को लेकर पति द्वारा उसकी हत्या करने का मामला सामने आया है। रूपझर थाना क्षेत्र के ग्राम बोड़की में महिला शांतिबाई का रक्तरंजित शव उसके घर की छपरी में मिला था। महिला के सिर, आंख और माथे पर गंभीर चोटों के निशान थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोटों के कारण उसकी मौत होने की पुष्टि हुई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी पति सोनसिंह भलावी को गिरफ्तार कर लिया।
जंगल में छिपा था आरोपी, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
घटना के बाद रूपझर थाना पुलिस ने घटनास्थल से प्राप्त साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी पति सोनसिंह भलावी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और सघन तलाशी अभियान चलाया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने बोड़की और आमानाला के जंगलों के बीच से फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
लकड़ी और कुल्हाड़ी से हमला करने की बात कबूली
पुलिस पूछताछ में आरोपी सोनसिंह भलावी ने बताया कि उसे अपनी पत्नी शांतिबाई के चरित्र पर संदेह था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर पारिवारिक विवाद होता रहता था। आरोपी के अनुसार, विवाद के दौरान गुस्से में आकर उसने पत्नी पर लकड़ी और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और अन्य वस्तुओं को जब्त कर लिया है। फिलहाल मामले में आगे की विवेचना की जा रही है।
रूपझर थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते वारदात के 24 घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी हो गई।









