Chandauli News: जनपद के बबुरी कस्बे में मां काली पूजा का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरा माहौल भक्तिमय नजर आया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा नेता सूर्यमुनि तिवारी, दिनेश जायसवाल और भाजपा नेता महेंद्र सेठ उर्फ पप्पू शामिल हुए। वहीं, फिल्मी अभिनेता वीरेंद्र चौहान निरहुआ अपनी टीम के साथ कार्यक्रम में पहुंचे। उनकी मौजूदगी ने आयोजन को और खास बना दिया। उन्हें देखने के लिए लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस भव्य आयोजन का संचालन जुगाड़ू स्पोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में कार्यक्रम अध्यक्ष अतुल जायसवाल के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में शशिप्रकाश गांधी, सोनू केशरी, संजय सिंह, सुनील सेठ और श्री प्रकाश सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस दौरान भाजपा नेता सूर्यमुनि तिवारी ने क्षेत्रवासियों और युवाओं को आशीर्वाद देते हुए सभी के सुखी, समृद्ध और खुशहाल जीवन की कामना की। उन्होंने युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की भी कामना की।
वहीं, कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बबुरी चौकी प्रभारी संजीत कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। पुलिस की मौजूदगी में आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

मां काली पूजा के इस भव्य आयोजन ने धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं की खूबसूरत मिसाल पेश की। कार्यक्रम में उमड़ी लोगों की भीड़ ने आयोजन को यादगार बना दिया।









