Pratapgarh News: जनपद के कोहंडौर थाना क्षेत्र के अतरसंड गांव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां खेत में चर रही गाय को भगाने जैसी मामूली बात पर दबंगों ने एक युवती और उसके पूरे परिवार पर लाठी-डंडों और सरिए से जानलेवा हमला कर दिया। इस मारपीट में युवती और उसके पिता के सिर व आंख पर गंभीर चोटें आई हैं। आरोप है कि स्थानीय थाने में सुनवाई न होने पर पीड़ित परिवार ने न्याय के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय का दरवाजा खटखटाया है।
गाय भगाने पर हुआ खूनी संघर्ष
पीड़िता कंचन (निवासी अतरसंड, थाना कोहंडौर) के अनुसार, उनके परिवार का खेत घर के पास ही है। आरोप है कि कुछ लोगों की गाय सब्जी के खेत में घुसकर फसल को नुकसान पहुंचा रही थी। जब कंचन ने गाय को खेत से भगाया, तो विपक्षी आग बबूला हो गए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आधा दर्जन से अधिक दबंगों ने लाठी-डंडे और सरिए से लैस होकर कंचन पर हमला बोल दिया।

बेटी को पिटता देख जब बचाने के लिए पूरा परिवार मौके पर दौड़ा, तो हमलावरों ने उनके पूरे परिवार पर भी लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में कंचन और उसके पिता के सिर और आंखों पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।
थानों के चक्कर काटने के बाद एसपी के पास पहुंचा परिवार
घटना के बाद पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद लेकर स्थानीय कोहंडौर थाने पहुंचा, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने उनकी फरियाद नहीं सुनी और उचित कार्रवाई करने के बजाय टालमटोल करती रही। थाने से न्याय न मिलने पर आहत परिवार सीधे प्रतापगढ़ एसपी ऑफिस जा पहुंचा।
एसपी कार्यालय पहुंचकर घायल कंचन और उसके परिजनों ने आपबीती सुनाई और दबंगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधीक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरी घटना की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का ठोस आश्वासन दिया है।
लोकेशन – प्रतापगढ़ ( उत्तर प्रदेश )
ब्यूरो रिपोर्ट- सद्दाम अली









