Arunachal Pradesh Fire Incident: अरुणाचल प्रदेश में भीषण अग्निकांड, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, 24 घर जलकर राख !

Facebook
X
WhatsApp

Arunachal Pradesh Fire Incident: अरुणाचल प्रदेश के कुरुंग कुमे जिले में गुरुवार तड़के भीषण आग ने एक पूरे कस्बे में तबाही मचा दी। पारसी-पारलो कस्बे में लगी आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। इस हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों की जान चली गई, जबकि कम से कम 24 घर आग की चपेट में आकर बर्बाद हो गए। मृतकों में एक महिला और उसके तीन नाबालिग बच्चे शामिल हैं। वहीं, महिला का पति अब तक लापता है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

महिला और तीन बच्चों की दर्दनाक मौत

डिप्टी कमिश्नर चीचुंग चुखू ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वालों में एक महिला, उसके दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं। आग लगने के बाद से महिला का पति लापता है। उसकी तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि लापता व्यक्ति के बारे में जानकारी मिलने के बाद मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

Arunachal Pradesh fire 1794463163910 v

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के मुताबिक, आग गुरुवार तड़के करीब 2:30 बजे लगी थी। शुरुआत में आग एक घर में लगी और देखते ही देखते आसपास के मकानों तक फैल गई। आग की चपेट में आने से 19 घर पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि पांच अन्य मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है।

रसोईघर से आग लगने की आशंका

फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। हालांकि, शुरुआती रिपोर्टों में आशंका जताई गई है कि आग की शुरुआत रसोईघर से हुई होगी। प्रशासन की ओर से घटना की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।

डिप्टी कमिश्नर चीचुंग चुखू ने कहा कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संपत्ति को हुए नुकसान का सही आकलन जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

पारसी-पारलो में फायर स्टेशन नहीं होने से बढ़ी मुश्किल

हादसे के बाद राहत और बचाव कार्यों की निगरानी के लिए जिला मुख्यालय कोलोरियांग से अधिकारियों की एक टीम सुबह ही घटनास्थल पर पहुंच गई। हालांकि, आग पर काबू पाने में अग्निशमन व्यवस्था की कमी बड़ी चुनौती बनकर सामने आई।

सूत्रों के मुताबिक, पारसी-पारलो कस्बे में कोई फायर स्टेशन (Fire Station) नहीं है। यहां से करीब 38 किलोमीटर दूर कोलोरियांग में अग्निशमन वाहन तैनात हैं। बताया जा रहा है कि वहां से फायर टेंडर (Fire Tender) समय पर प्रभावित इलाके तक नहीं पहुंच सका। माना जा रहा है कि समय पर दमकल की मदद नहीं मिलने से आग तेजी से फैलती चली गई और बड़े पैमाने पर मकानों को नुकसान पहुंचा।

फिलहाल प्रशासन हादसे के कारणों की जांच करने के साथ राहत और बचाव कार्यों में जुटा है। लापता व्यक्ति की तलाश भी जारी है।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें