UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में लखनऊ स्थित कांग्रेस मुख्यालय में बाराबंकी से सांसद तनुज पुनिया ने प्रेस वार्ता कर पार्टी की आगामी रणनीति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कल से प्रदेश में संगठनात्मक तैयारियों का अभियान शुरू किया जाएगा।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा के नेतृत्व में शुरू होने वाले इस अभियान के तहत कांग्रेस संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर देगी। पार्टी के सभी पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे आगामी विधानसभा चुनाव के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकें।
सांसद तनुज पुनिया ने बताया कि प्रशिक्षण अभियान में संगठन के विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल और समन्वय स्थापित करने पर जोर रहेगा। इसके साथ ही पार्टी के अलग-अलग विभागों के कामकाज में सामंजस्य बढ़ाने की रणनीति भी तैयार की जाएगी।

उन्होंने कहा कि मीडिया और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना भी इस अभियान का अहम हिस्सा होगा। इसके लिए विशेष योजना बनाई जाएगी, जिससे पार्टी की गतिविधियों और विचारों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाया जा सके।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस के सभी प्रवक्ता भी मौजूद रहे। पार्टी का लक्ष्य आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को सक्रिय और मजबूत बनाना है। कांग्रेस इस अभियान के जरिए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को चुनावी जिम्मेदारियों के लिए तैयार करने में जुट गई है।









