Barabanki News: 22 नवम्बर को जनपद बाराबंकी के रामपुर महोत्सव, जहांगीराबाद में आपातकालीन परिस्थितियों एवं हवाई हमले जैसी संभावित परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने तथा आमजन को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एयर रेड मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।


मॉक ड्रिल के दौरान विभिन्न संबंधित विभागों द्वारा संयुक्त रूप से प्रतिभाग करते हुए आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। इसमें सिविल डिफेंस, पुलिस, अग्निशमन, राजस्व, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा अन्य संबंधित विभागों की टीमों ने अपने संसाधनों, उपकरणों एवं बचाव तकनीकों के माध्यम से आपदा की स्थिति में की जाने वाली कार्यवाही का अभ्यास किया।

इस दौरान आपात स्थिति में घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने, आग पर नियंत्रण पाने, प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने, चिकित्सा सहायता प्रदान करने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने से संबंधित गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया। साथ ही आपदा के समय विभिन्न विभागों के बीच त्वरित समन्वय एवं प्रभावी संचार व्यवस्था बनाए रखने का अभ्यास भी किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा प्रबंधन की दृष्टि से इस प्रकार की मॉक ड्रिल अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इनके माध्यम से विभिन्न विभागों की तैयारियों, संसाधनों की उपलब्धता तथा आपसी समन्वय को परखा जा सकता है। किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया से जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वे अपनी तैयारियां सदैव दुरुस्त रखें तथा आमजन को भी आपदा से बचाव के प्रति जागरूक करें।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री निरंकार सिंह, संयुक्त मजिस्ट्रेट/एसडीएम नवाबगंज सुश्री गुंजिता अग्रवाल, सीओ सिटी श्री मो. आफताब आलम, उप नियंत्रक सिविल डिफेंस श्रीमती अनीता प्रताप सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं सिविल डिफेंस के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।









