Japanese Couple Hindu Wedding: भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं का आकर्षण सात समंदर पार भी लोगों को अपनी ओर खींच रहा है। भारतीय विवाह संस्कारों की आध्यात्मिकता और सात फेरों के महत्व से प्रभावित जापान के एक दंपती ने लखनऊ पहुंचकर हिंदू रीति-रिवाज से विवाह रचाया।
गोमतीनगर के विवेक खंड स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर में सोमवार को वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रस्मों के बीच जापानी नागरिक हिरो चिहारा और शिजु ने एक बार फिर भारतीय परंपरा के अनुसार एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया। इस अनूठे विवाह समारोह में सबसे खास बात यह रही कि दंपती के बच्चे भी इस यादगार पल के साक्षी बने और उन्होंने अपने माता-पिता को अग्नि के समक्ष सात फेरे लेते देखा।
वैदिक मंत्रों के बीच संपन्न हुआ विवाह संस्कार
मंदिर परिसर में आयोजित विवाह समारोह पूरी तरह भारतीय परंपरा और वैदिक रीति-रिवाजों के अनुरूप संपन्न हुआ। जापानी दंपती ने पारंपरिक वेशभूषा धारण कर विवाह की सभी रस्मों में हिस्सा लिया। पंडित जनार्दन ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह संस्कार संपन्न कराए। इसके बाद हिरो चिहारा और शिजु ने पवित्र अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए और जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने का संकल्प दोहराया। समारोह में मौजूद उनके बच्चों के लिए भी यह एक अलग और यादगार अनुभव रहा।
सनातन परंपराओं की ओर बढ़ रहा विदेशी लोगों का आकर्षण
भारतीय रीति-रिवाजों के प्रति जापानी दंपती का यह अनुराग सनातन संस्कृति की वैश्विक स्वीकार्यता को भी दर्शाता है। विवाह संपन्न होने के बाद मौजूद लोगों ने पुष्पवर्षा कर दंपती को शुभकामनाएं दीं। विवाह संस्कार कराने वाले पंडित जनार्दन ने कहा कि भारतीय संस्कृति की विशेषता उसकी आध्यात्मिकता, पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों में है। सात फेरों के माध्यम से पति-पत्नी जीवनभर साथ निभाने के सात संकल्प लेते हैं। यही परंपराएं विदेशी नागरिकों को भी आकर्षित कर रही हैं।









