Lucknow Fire News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हुसैनगंज थाना क्षेत्र स्थित बर्लिंगटन चौराहे पर रविवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मुख्य सड़क पर बने ट्रैफिक पुलिस बूथ में अचानक भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रविवार शाम करीब 6 से 6:30 बजे के बीच ट्रैफिक बूथ से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। मौके पर मौजूद लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही हजरतगंज फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची।

दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक बूथ के अंदर रखा सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया।
राहत की बात यह रही कि घटना के समय ट्रैफिक बूथ बंद था और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। संबंधित विभाग द्वारा जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।









