उत्तरप्रदेश के बाराबंकी जिले के तहसील फतेहपुर में युवती चार दिन पूर्व परिवारीजनों से कहासुनी के बाद घर में किसी को बताए बिना कहीं चली गई थी। युवती का शव रविवार को शारदा नहर भैसुरिया झाल में मिला है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खेरिया निवासिनी शीतल 21 जुलाई को घर में हुई कहासुनी के बाद कहीं चली गई थी। परिवारीजनों द्वारा युवती की काफी खोजबीन की गई लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। इस पर युवती के चाचा मनोज कुमार की तहरीर पर पुलिस ने 22 जुलाई को गुमशुदगी दर्ज की।
युवती की गुमशुदगी दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो जानकारी हुई कि युवती ने शायद शारदा नहर में छलांग लगा दी है। रविवार को ग्रामीणों ने भैसुरिया झाल में महिला का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी तो मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया।
उसकी पहचान शीतल के रूप में हुई। इस संबंध में कोतवाल संजय मौर्य ने बताया कि चार दिन पूर्व युवती ने नहर में छलांग लगा ली थी जिसका शव भैसुरिया झाल में फंसा मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्यवाही की जाएगी।













