अंबेडकरनगर : विकास खंड जहाँगीरगंज के कमालपुर पिकार व सरायहंकार गांव में पिकिया नदी पर पुल निर्माण के लिए सर्वजन आवाज़ पार्टी ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम आलापुर को सौंप कर जन आन्दोलन शुरू कर दिया है। मालूम हो पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गिरिजेश मिश्र ने पत्रक के माध्यम से पुल निर्माण का लिखित आश्वासन मिलने तक अनवरत जन आन्दोलन जारी रखने एवं इस दौरान सुरक्षा ब्यवस्था मुहैया कराए जाने की मांग सीओ आलापुर से किया है।
ज्ञात हो कि कमालपुर पिकार एवं सराय हंकार गांव के मध्य पिकिया नदी स्थित है उक्त पिकिया नदी पर पुल निर्माण की मांग काफी दिनों से की जाती रही है। गांव में स्थित पिकिया नदी पर पुल निर्माण हो जाने से प्रभावित दोनों गांव के अलावा दर्जनों गांव की लाखों लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलने लगेगी। ग्रामीणों का आरोप है कि पुल निर्माण न होने से कमालपुर पिकार गांव में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, होम्योपैथिक चिकित्सालय एवं पशु चिकित्सालय व शिक्षण संस्थानों का लाभ निकटवर्ती गांव के लोगों को नहीं मिल पा रहा है।वहीं पुल निर्माण न होने से नदी के पार स्थित घिनहापुर सैंथुआ पोखरा
भरतपुर मुड़ियारी रतिगरपुर व कैथियां समेत आधा दर्जन से अधिक गांव के लोगों को दो किलोमीटर दूर स्थित कम्हरिया घाट शवदाह स्थल तक जाने के लिए लगभग पन्द्रह किमी से अधिक की दूरी तय करनी पड़ती है। इसके ईतर यहां पुल निर्माण होने से महुला बांध होते हुए आजमगढ़ व गोरखपुर जाने के अतिरिक्त दूरी तय करने के बजाय पचास किलोमीटर की दूरी से निजात मिल सकेगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 22 अक्तूबर से शुरू होने वाला अनिश्चित कालीन धरना उनकी मांग पूरी होने तक जारी रहेगा।अपने पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार सर्वजन आवाज़ पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उक्त गांव में पुल निर्माण के लिए अपनी आवाज़ बुलंद करते हुए कमालपुर पिकार गांव में जनआंदोलन शुरू कर दिया। एसडीएम धीरेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आन्दोलन कर रहे लोगों से ज्ञापन ले लिया गया है जल्द ही मुख्यमंत्री को प्रेषित कर दिया जाएगा। सीओ जगदीश लाल टम्टा ने बताया कि सुरक्षा ब्यवस्था के दृष्टिगत धरना स्थल पर पुलिस की तैनाती कर दी गई है।









