रिपोर्ट -पंकज गुप्ता
UP News: प्रयागराज। भगवान श्रीजगन्नाथ जी की पावन रथयात्रा के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के सेवार्थ विद्यार्थी, प्रयाग महानगर द्वारा कीडगंज स्थित मिंटो पार्क के समीप सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से रथयात्रा में शामिल हजारों श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई, जिससे भीषण गर्मी के बीच उन्हें राहत मिल सके।
इस सेवा कार्य का उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति के “नर सेवा ही नारायण सेवा” के आदर्श को व्यवहारिक रूप में साकार करना था। रथयात्रा के दौरान परिषद के स्वयंसेवकों ने पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ श्रद्धालुओं को शीतल पेयजल उपलब्ध कराया।
श्रद्धालुओं ने परिषद के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे सामाजिक उत्तरदायित्व, मानवीय संवेदनाओं और जनसेवा का प्रेरणादायी उदाहरण बताया। सेवा शिविर के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों ने राहत प्राप्त की और स्वयंसेवकों के सेवा भाव की प्रशंसा की।
इस अवसर पर सेवार्थ विद्यार्थी प्रांत प्रमुख डॉ. मनीष श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में अमन शुक्ला, अभिनव पांडे, मानस पांडे, आदित्य यादव, अनुभव सिंह, प्रांजल राय, अर्पित गौर सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई और सेवा कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कहा कि संगठन सदैव समाजहित और राष्ट्रहित के कार्यों के लिए समर्पित रहा है तथा भविष्य में भी धार्मिक आयोजनों, सामाजिक अभियानों और आपदा की परिस्थितियों में इसी सेवा भावना के साथ समाज के बीच सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।








