जिला- बाराबंकी
संवाददाता- मनोज कुमार
Barabanki News: बाराबंकी में 16 जुलाई 2026। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा मतदेय स्थलों के सम्भाजन (Rationalization) के संबंध में जारी निर्देशों के क्रम में गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों एवं निर्वाचन अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के मतदेय स्थलों के सम्भाजन, नवीन मतदेय स्थलों के गठन तथा भवन परिवर्तन से संबंधित तैयार प्रस्तावों पर विस्तार से विचार-विमर्श करते हुए राजनीतिक दलों से सुझाव एवं आपत्तियां प्राप्त की गईं।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ऐसे सभी मतदेय स्थल, जहां मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक है, उनका सम्भाजन कर नए मतदेय स्थलों का गठन किया जा रहा है। साथ ही जिन मतदान केंद्रों के भवन अनुपयुक्त अथवा आधारभूत सुविधाओं से वंचित हैं, उन्हें बेहतर एवं सुविधायुक्त भवनों में स्थानांतरित करने के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मतदाताओं की सुविधा, दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों एवं महिला मतदाताओं की सुगमता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी प्रस्ताव तैयार किए गए हैं।

बैठक में बताया गया कि जनपद में वर्तमान में 2,870 मतदेय स्थल एवं 1,704 मतदान केंद्र संचालित हैं। सम्भाजन प्रक्रिया के अंतर्गत 08 नए मतदेय स्थलों तथा 17 नए मतदान केंद्रों के गठन का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके अतिरिक्त 117 मतदेय स्थलों तथा 10 मतदान केंद्रों के भवन परिवर्तन के प्रस्ताव भी तैयार किए गए हैं। इन प्रस्तावों के अनुमोदन के उपरांत जनपद में मतदेय स्थलों की संख्या 2,770 तथा मतदान केंद्रों की संख्या 1,711 हो जाएगी।
विधानसभावार प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए बताया गया कि 266-कुर्सी विधानसभा क्षेत्र में 5 नए मतदेय स्थल, 14 नए मतदान केंद्र, 7 भवन परिवर्तन तथा 2 मतदान केंद्र भवन परिवर्तन, 267-रामनगर में 1 नया मतदेय स्थल एवं 1 मतदान केंद्र भवन परिवर्तन, 268-बाराबंकी में 1 नया मतदेय स्थल एवं 2 भवन परिवर्तन, 269-जैदपुर (अजा.) में 1 भवन परिवर्तन एवं 1 मतदान केंद्र भवन परिवर्तन, 270-दरियाबाद में 2 मतदान केंद्र भवन परिवर्तन, 271-रुदौली में 1 नया मतदेय स्थल तथा 272-हैदरगढ़ (अजा.) में 1 मतदेय स्थल भवन परिवर्तन एवं 2 मतदान केंद्र भवन परिवर्तन के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि बैठक में प्राप्त सभी सुझावों एवं आपत्तियों का निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पक्ष परीक्षण कर आवश्यकतानुसार संशोधन किए जाएंगे तथा अंतिम प्रस्ताव अनुमोदन के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश को प्रेषित किए जाएंगे।
बैठक में विधायक हैदरगढ़ श्री दिनेश रावत, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निरंकार सिंह, सांसद एवं अन्य विधायकों के प्रतिनिधिगण, समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।








