यमुना के घाटों पर छठ मनाने को लेकर दिन भर राजनीति चलती रही। पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जगह-जगह पर घाटों पर पहुंचने को लेकर रस्साकसी होती दिखाई पड़ी। इसी बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बुधवार को छठ पर्व में पूजा के व्रतियों के साथ शामिल हुए। मुख्यमंत्री ईस्ट किदवई नगर पहुंचकर छठव्रतियों के साथ सूर्य को अर्ध्य देकर पूजा की और ईश्वर से लोगों के लिए शांति और समृद्धि की कामना की। उनके साथ दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय और विधायक राघव चड्ढा भी शामिल हुए।
छठ पूजा के अवसर पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह विश्व शांति का त्योहार है और सभी पूर्वांचली भाइयों-बहनों को यह अधिकार है कि वे अपना त्योहार पूरे उमंग-उत्साह के साथ मनाएं। लेकिन इसके साथ यह भी ध्यान रखना चाहिए कि कोरोना अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। दुनिया के कई हिस्सों में कोरोना के मामले अभी भी सक्रिय हैं और उसे देखते हुए अभी लापरवाही नहीं की जानी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहार और धर्म राजनीति का विषय नहीं होना चाहिए। इस मामले पर कुछ लोग राजनीति कर रहे हैं, लेकिन पूर्वांचली भाइयों के इस त्योहार को राजनीति का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने विभिन्न जगहों पर 800 घाट बना दिए हैं जहां लोग छठ का त्योहार मना सकते हैं।
दिन भर चलती रही रस्साकसी
वहीं, भाजपा नेता मनोज तिवारी ने कहा कि छठ के दौरान पूर्वांचलियों को छठ के घाटों पर जाने से रोका गया। इससे उनकी आस्थाओं को गहरी चोट पहुंची है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जानबूझकर यमुना के घाटों पर लोगों को जाने से रोकने का आदेश दिया जिससे लोग अपनी आस्था का पर्व न मना सकें। लेकिन इसके बाद भी पूर्वांचली भाइयों-बहनों ने पूरे जोश के साथ त्योहार मनाया।
भाजपा सांसद मनोज तिवारी और प्रवेश वर्मा ने बुधवार सुबह ही पुलिस बैरीकेड तोड़ते हुए छठ घाट तक पहुंचने का ऐलान कर दिया था। आईटीओ पर पुलिस के रोकने के बाद भी भाजपा नेता घाट तक पहुंचे और वहां पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर भाजपा नेता ने कहा कि पूर्वांचल की जनता सरकार के इस अत्याचार को माफ नहीं करेगी।
छह पूजा के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। हर घाट पर भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए। किसी को भी यमुना घाट के पास नहीं जाने दिया जा रहा था। कालिंदी कुंज पर काफी संख्या में लोग व श्रृद्धालु बुधवार को एकत्रित हो गए थे। पुलिस श्रद्धालुओं की भीड़ को रोकने के साथ घाटों पर एकत्रित हुई भीड़ तितर-बितर कर दिया था। कालिंदी कुंज व आईटीओ पर 100-100 टीमों को तैनात किया गया है।
डीडीएमए कोविड-19 के मद्देनजर नदी के किनारे समारोहों पर रोक लगा रखी थी। बुधवार सुबह कालिंदी कुंज के पास यमुना घाट पर जमा भीड़ को पुलिस और जिला अधिकारियों ने तितर-बितर किया और लोगों को अनुष्ठानों का पालन करने के लिए निर्दिष्ट स्थानों की ओर फिर से निर्देशित किया गया। सरकार ने छठ पूजा करने के लिए भक्तों के लिए दिल्ली भर में 800 अस्थायी घाट बनाए हैं। छठ पूजा का चार दिवसीय त्योहार मुख्य रूप से दिल्ली में बसे बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और झारखंड के पूर्वांचलियों द्वारा मनाया जाता है।
दक्षिण-पूर्व जिले के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अनुष्ठान के लिए निर्धारित स्थानों पर पर्याप्त व्यवस्था की गई है। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के आदेशों का उल्लंघन न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए दक्षिण पूर्वी दिल्ली में 100 टीमों को तैनात किया गया है।
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यमुना घाट पर कालिंदी कुंज और जिले के अन्य पुलिस थानों के पर्याप्त कर्मचारी तैनात किए गए हैं। घाटों पर प्रशासन व नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेश के बारे में आने वाले भक्तों को समझा रहे हैं, और उनसे दिशानिर्देशों का पालन करने और अपने-अपने घरों या कॉलोनियों के भीतर अनुष्ठानों का पालन करने का आग्रह कर रहे हैं। इससे कई श्रृद्धालु अपने घर लौट रहे थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार छठ पूजा के आयोजकों के साथ भी बातचीत कर रहे हैं और उनसे भक्तों को निर्दिष्ट स्थानों पर भेजने के लिए कह रहे हैं, जहां प्रकाश, पानी, स्वच्छता और चिकित्सा देखभाल सहित सभी सुविधाएं प्रदान की जा रही हो।
यमुना घाट पर बैरीकेड तोड़कर छठ मनाने पहुंचे प्रवेश साहिब सिंह
दिल्ली में छठ की तैयारियों के दिल्ली सरकार के दावों के बीच ऐसी स्थिति होने के बाद प्रदेश में विपक्षी पार्टी भाजपा आप सरकार पर लगातार हमलावर है। इस बीच बुधवार को पश्चिमी दिल्ली से भाजपा सांसद प्रवेश साहिब सिंह बैरीकेड तोड़कर आईटीओ यमुना घाट पर छठ मनाने पहुंच गए। यहां उनके साथ समर्थकों की भारी भीड़ थी।
उन्होंने कहा, पहले पुलिस ने यहां बैरीकेड लगाए हुए थे और वे लोगों को रोक रहे थे। हमने यहां आकर उनको प्रवेश दिलाया। हमने यहां साफ पानी मुहैया कराया। मैं खुश हूं कि लोग छठ पूजा कर रहे हैं।
भाजपा सांसद मनोज तिवारी छठ पूजा करने के लिए सोनिया विहार स्थित यमुना घाट पर पहुंचे। उन्होंने कहा, ”हम डीडीएमए का आदेश नहीं मानेंगे। डीडीएमए का काम यमुना की सफाई करना है ना कि लोगों को वहां जाने से रोकना।









