श्रावस्‍ती में बड़ा हादसा : सब्जी व चाय-पानी की गुमटी में घुसा बेकाबू ट्रक, तीन की मौत

Facebook
X
WhatsApp

बौद्ध परिपथ स्थित श्रावस्ती तिराहे पर बुधवार की सुबह बेकाबू ट्रक सड़क किनारे लगी चाय-पानी की गुमटियों मे घुस गया। गुमटी से टकराने के बाद वाहन वही पलट गया। इसके नीचे दबे दो दुकानदार समेत तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में से दो बलरामपुर जिले के निवासी हैं। सुबह बौद्ध परिपथ पर बहराइच से बलरामपुर की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्रक श्रावस्ती तिराहे पर सड़क किनारे लगी सब्जी व चाय-पानी की गुमटियों में घुस गया। दुकानों टकराने के बाद ट्रक वहीं पलट गया।

दुकान की सफाई कर रहे पान विक्रेता खरगूपुर निवासी दद्दन शुक्ल, बलरामपुर जिले के समदा निवासी दुकानदार संतोष पांडेय व दिल्ली से कमाई घर लौटे समदा निवासी राम मनोहर चौहान ट्रक की चपेट में आ गए। तीनों लोग ट्रक के नीचे दब गए। नवीन माडल थाना श्रावस्ती के प्रभारी निरीक्षक राजकुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। बुलडोजर की मदद से ट्रक के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया। एंबुलेंस से इलाज के लिए सीएचसी इकौना भेजा गया। यहां चिकित्सकों नेे तीनों घायलों को मृत घोषित कर दिया। एसडीएम आरपी चौधरी, सीओ महेंद्र पाल शर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जायजा लिया। हादसे की सूचना परिवार के लोगों काे दी गई। मौके पर परिवार के सदस्यों के पहुंचते ही कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

 काफी दिनों बाद दिल्ली से कमाकर लौटे राम मनोहर ने बस से उतरते ही अपने पुत्र को सूचना देकर घर से बुलाया। बेटा बाइक लेकर श्रावस्ती के लिए रवाना हुआ, लेकिन नियति को पुत्र की पिता से मुलाकात शायद मंजूर नहीं थी। श्रावस्ती पहुंचने से पहले ही बेकाबू ट्रक की चपेट में आकर राममनोहर दुनिया को अलविदा कह गए।

ट्रक की चपेट में आई खरगूपुर के रामू की सब्जी की दुकान में करीब 30 हजार रुपये, राजगढ़ गुलहरिया के पाटिल प्रसाद की साइकिल दुकान में करीब ₹40 हजार, बलरामपुर जिले के गंगापुर बांटी निवासी संजय की सब्जी की दुकान में रखा लगभग ₹25 हजार रुपये का सामान नष्ट हो गया।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें