अंबेडकरनगर : अज्ञात वाहन से कुचल कर लेखपाल की मौत, फरवरी में थी शादी

Facebook
X
WhatsApp

अंबेडकरनगर : आलापुर स्थानीय तहसील में तैनात लेखपाल की शनिवार को तहसील के निकट अज्ञात वाहन से कुचल कर मौत हो गई, वहीं बाइक पर उनके पीछे बैठा एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल से केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद लेखपाल के गांव जगदीशपुर में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। चार भाई-बहनों में सबसे बड़े अमित की अगले माह फरवरी में शादी तय थी। घर में शहनाई बजने की तैयारियां भी इन दिनों चल रही थीं, परंतु एक झटके में सब कुछ बर्बाद हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।आलापुर तहसील क्षेत्र के जगदीशपुर गांव निवासी अमित यादव (28) पुत्र जयप्रकाश आलापुर तहसील में बतौर लेखपाल तैनात था। शनिवार को वह घर से बाइक से आलापुर थाने में आयोजित समाधान दिवस में शामिल होने जा रहा था। उसकी बाइक पर पीछे कटघर निवासी प्रवीण कुमार मौर्य बैठा था। बताया जाता है कि दोनों लोग हुसेनपुर खुर्द के पास पहुंचे थे,

तभी किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दोनों बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। इस बीच पीछे चल रहे तेज रफ्तार एक वाहन ने भी उन्हें चपेट में ले लिया। इससे दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय नागरिकों ने इसकी सूचना आलापुर तहसील प्रशासन को देने के साथ ही एंबुलेंस टीम को दी। सूचना मिलते ही तहसीलदार बृजेश कुमार वर्मा, नायब तहसीलदार देवानंद तिवारी व कई लेखपाल मौके पर पहुंच गए। दोनों घायलों को एंबुलेंस से रामनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां पर चिकित्सकों ने अमित को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रवीण को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां से उसे केजीएमयू लखनऊ भेज दिया गया। हादसे की जानकारी होने पर एसडीएम मोहनलाल गुप्त भी रामनगर पीएचसी पहुंचे।

फरवरी में थी अमित की शादी
जानकारी के अनुसार अमित अपने दो भाइयों व दो बहनों में सबसे बड़ा था। लेखपाल बनने के बाद परिवार की उम्मीदें बढ़ी थीं। आर्थिक स्थिति में सुधार भी हो रहा था। उनकी एक बहन भी बीते दिनों उत्तर प्रदेश पुलिस में नौकरी पा गई। परिवार में सब कुछ ठीक चल रहा था। अगले माह 12 फरवरी को अमित की शादी भी तय थी। परिवार में शहनाई गूंजने की तैयारियां तेजी से चल रही थीं, परंतु शनिवार को हुए हादसे ने परिवार के सारे सपने चकनाचूर कर दिए। अमित की पहचान हंसमुख व मिलनसार युवक के रूप में थी।

 रिपोर्ट : राजकुमार मौर्य

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें