Earthquake In Lucknow: लखनऊ में दोपहर 2.51 बजे भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। लोग भयभीत हो गए और घरों से निकल खुले स्थानों पर एकत्र होने लगे। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.6 रही।
नेपाल सीमा से दो किलोमीटर दूर भूकंप का केंद्र होने के कारण लखनऊ में भी लोगों ने भूकंप के तेज झटके महसूस किए। करीब पांच-छह सेकेंड तक धरती हिलती रही। कार्यालयों में काम करने वाले कर्मचारी-अधिकारी सहम गए। लोग कार्यालयों-घरों से बाहर निकल गए। भूकंप को लेकर चर्चा शुरू हो गई। (Earthquake In Lucknow) दफ्तरों के बाहर जमे लोगों को देख राहगीर भी ठहर गए। उन्हें झटके भले न महसूस हुए हों, लेकिन भूकंप का केंद्र का कहां रहा, तीव्रता क्या थी, इसको लेकर वे जिज्ञासु बने नजर आए। हालांकि, अभी तक किसी भी तरह का अप्रिय समाचार सामने नहीं आया है।
उत्तर भारत में भूकंप के झटके का असर आगरा मंडल में भी देखने को मिला। यहां दोपहर 2. 45 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। लोगों को घर में सामान हिलता नजर आया। अपार्टमेंट में भूकंप के झटके महसूस होने पर लोग साढ़ियों और लिफ्ट के पास पहुंचे। हालांकि, तब तक भूकंप के झटके बंद हो गए। फिर भी लोग काफी देर तक सुरक्षित स्थानों पर ही डटे रहे।
आगरा के अलावा मथुरा और फिरोजाबाद में भी झटकों का असर देखने को मिला। भूकंप के बाद लोग अपने-अपने परिजनों को फोन करते नजर आए। हालांकि, शहर में भूकंप से किसी भी तरीके का कोई नुकसान नहीं हुआ है।










