Baghpat News: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के दोघट थाना क्षेत्र के धनौरा टीकरी गांव में आठ माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया है। मृतका के मायके पक्ष द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, वहीं सोशल मीडिया पर मौत से पहले का एक वीडियो वायरल होने के बाद मामला और गंभीर हो गया है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार मृतका कनक उर्फ कमल (27 वर्ष) मूल रूप से गांव परासौली, थाना बुढ़ाना, जिला मुजफ्फरनगर की रहने वाली थी। (Baghpat News) उसकी शादी 12 नवंबर 2024 को हिंदू रीति-रिवाज से आशीष कुमार पुत्र रविन्द्र निवासी धनौरा टीकरी के साथ हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी में करीब आठ लाख रुपये खर्च किए गए थे, इसके बावजूद ससुराल पक्ष दहेज से संतुष्ट नहीं था और कनक को प्रताड़ित किया जा रहा था।
मायके पक्ष का आरोप है कि पति आशीष, सास मधु और ससुर रविन्द्र कनक से स्कॉर्पियो गाड़ी और पांच लाख रुपये की मांग कर रहे थे। (Baghpat News) इसके साथ ही परासौली गांव के मुख्य बाजार में स्थित उसके पैतृक मकान, जिसमें दो दुकानें बनी हैं और जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 70 लाख रुपये बताई गई है, उसे बेचने का दबाव भी बनाया जा रहा था। मांग पूरी न होने पर कनक के साथ लगातार मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था।
प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख है कि आशीष हरिद्वार में एक निजी कंपनी में नौकरी करता था और कनक वहीं उसके साथ रह रही थी। 27 दिसंबर 2025 को आशीष कनक को लेकर धनौरा टीकरी गांव आया था। उस समय कनक करीब आठ माह की गर्भवती थी। (Baghpat News) उसी रात करीब 10 बजे मायके पक्ष को फोन के जरिए कनक की मौत की सूचना दी गई। घटना के बाद सोशल मीडिया पर कनक का एक वीडियो वायरल हुआ है, जो उसकी मौत से कुछ समय पहले का बताया जा रहा है। वीडियो में कनक अपने पति पर प्रताड़ना और जान का खतरा होने की बात कहते हुए दिखाई दे रही है। परिजनों का कहना है कि यह वीडियो कनक की मौत से पहले की अहम गवाही है।
Also Read –Khaleda Zia PM Modi: जब PM मोदी ने खालिदा जिया के लिए कही ‘वो एक बात’… BNP के दिल को छू गया था संदेश
सूचना मिलने पर मायके पक्ष गांव पहुंचा और 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। (Baghpat News) पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि प्रार्थना पत्र, वायरल वीडियो और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













