संवाददाता -मनोज कुमार
जिला- बाराबंकी
Barabanki News: बाराबंकी में 02 जुलाई 2026 को मानसून के दृष्टिगत संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह ने गुरुवार को रामनगर तहसील अंतर्गत सूरतगंज विकासखंड के तेवराइपुरवा गांव पहुंचकर बाढ़ संभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तहसील प्रशासन, सिंचाई विभाग एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बाढ़ सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जल शक्ति मंत्री ने नदी तटबंधों, कटान संभावित स्थलों तथा जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण कर बाढ़ सुरक्षा कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बरसात के मौसम में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा संबंधी सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नागरिकों की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत एवं बचाव कार्यों की पूर्व तैयारी सुनिश्चित की जाए। नावों, राहत सामग्री, आवश्यक दवाइयों, पशुओं के चारे तथा सुरक्षित आश्रय स्थलों की समुचित व्यवस्था पहले से उपलब्ध रहे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
जल शक्ति मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तटबंधों की सतत निगरानी की जाए तथा जहां कहीं भी कटान अथवा रिसाव की आशंका हो, वहां तत्काल आवश्यक मरम्मत एवं सुरक्षात्मक कार्य कराए जाएं। उन्होंने बाढ़ चौकियों को पूर्णतः सक्रिय रखने तथा सिंचाई, राजस्व, पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। जल शक्ति मंत्री ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
इस अवसर पर निवर्तमान विधायक रामनगर श्री शरद कुमार अवस्थी सहित तहसील प्रशासन, सिंचाई विभाग, राजस्व विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











