Deepotsav Ram mandir: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में सातवें दीपोत्सव की तैयारी पूरी हो चुकी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर डॉ राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कुशल प्रबंधन में प्रान्तीयकृत दीपोत्सव में 25 हजार स्वयंसेवकों के सहयोग से 24 लाख से अधिक दीयों को प्रज्ज्वलित करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। शुक्रवार दोपहर में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड टीम द्वारा 51 घाटों के दीयों की गणना शुरू हुई। पर्यवेक्षक, घाट प्रभारी, समन्वयक और गणना स्वयंसेवकों की मौजूदगी में गिनती की जा रही है।
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर प्रतिभा गोयल ने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए हैं। विश्वविद्यालय आवासीय परिसर, सम्बद्ध महाविद्यालयों, इण्टर कालेजों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारी दीपोत्सव को लेकर अति उत्साहित हैं। सभी के सहयोग से पुनः अयोध्या एक बार फिर विश्व कीर्तिमान बनाएगी।

Deepotsav Ram mandir:सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
दीपों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 51 घाटों पर दीयों की सुरक्षा पुलिस प्रशासन और विश्वविद्यालय के सुरक्षा कर्मियों द्वारा की जा रही है। शनिवार को दीपोत्सव के दिन प्रातः 10 बजे से पर्यवेक्षक, घाट प्रभारी, समन्वयक और गणना स्वयंसेवकों की देखरेख में 24 लाख से अधिक दीयों में तेल डालने, बाती लगाने और देर शाम शासन द्वारा नियत समय पर दीए प्रज्जवलित किए जाएंगे।

Deepotsav Ram mandir: 51 घाटों पर 24 लाख से अधिक दीयों को किया प्रज्ज्वलित
सुबह से ही स्वयंसेवकों और पदाधिकारियों द्वारा दीयों में तेल भरने का कार्य शुरू हो जाएगा। सभी को एक-एक लीटर की सरसों के तेल की बोतलें दी जाएंगी। हर स्वयंसेवक सावधानी पूर्वक 30 दीए में तेल डालेगा। दीये का ऊपरी हिस्सा कुछ खाली रखा जाएगा। तेल घाट पर न गिरे इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। दीये में तेल डालने के पश्चात बाती के आगे वाले भाग पर कपूर का पाउडर लगाया जाएगा, जिससे स्वयंसेवकों को दीये प्रज्ज्वलित करने में आसानी होगी। प्रत्येक घाट पर दीयों को प्रज्ज्वलित करने के लिए कैंडल, माचिस, डंडे लगे कैंडल तथा अन्य सामग्री घाट के अनुसार निर्धारित दीयों की संख्या के अनुपात में एक ही बार में समन्वयकों को उपलब्ध करा दी जाएंगी। दीपोत्सव के लिए अयोध्या पूरी तरह से तैयार है। 51 घाटों पर 24 लाख से अधिक दीयों को प्रज्ज्वलित कर अयोध्या एक बार फिर विश्व कीर्तिमान बनाएगी।