Delhi MCD Officials Suspended: राजधानी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में हुए दर्दनाक भवन हादसे के बाद दिल्ली सरकार और प्रशासनिक अमला सख्त मूड में आ गया है। इस भयावह घटना में अब तक 7 निर्दोष छात्रों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, जिसके बाद शासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक के बाद एक पांच वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। गाज गिरने वाले अफसरों में दिल्ली नगर निगम (MCD) के साउथ जोन के डिप्टी कमिश्नर राकेश कुमार का नाम भी शामिल है।
Delhi MCD Officials Suspended: ये 5 बड़े अफसर हुए सस्पेंड
प्रशासनिक स्तर पर हुई इस बड़ी कार्रवाई के तहत साउथ जोन के डिप्टी कमिश्नर राकेश कुमार के अलावा एसई (SE) रणवीर सिंह पर भी कार्रवाई की गाज गिरी है। इनके साथ ही बिल्डिंग विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर ललित कुमार गोयल, असिस्टेंट इंजीनियर सुनील चौहान और जूनियर इंजीनियर आशीष कुमार को भी कर्तव्यों में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया है। सरकार के इस कड़े रुख से पूरे महकमे में हड़कंप मच गया है।
संकरी गली में जमींदोज हुई 30 साल पुरानी इमारत
दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस के समीप सत्य निकेतन की बेहद तंग गली में बनी यह 30 साल पुरानी पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के वक्त इसमें लड़कों का पीजी चल रहा था। मलबे में से अब तक 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि 7 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। मलबे के अंदर और भी जिंदगियों के फंसे होने की आशंका है, जिसके चलते राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।
मकान मालिक पर केस दर्ज, पास का पीजी भी सील
शुरुआती जांच में सामने आया है कि सिर्फ ग्राउंड और पहली मंजिल की मंजूरी के बावजूद 55 वर्ग गज के छोटे से प्लॉट पर 5 मंजिला ढांचा खड़ा कर दिया गया था। भूतल पर बिना सुरक्षा मानकों के मरम्मत काम चलने से यह हादसा हुआ। पुलिस ने मकान मालिक हरिराम और अन्य पर संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर तलाश तेज कर दी है। वहीं एमसीडी ने पास स्थित एक बालिका पीजी को खाली कराकर उसे सील कर दिया है।










