Divya Mishra Murder Case: लखनऊ में गुरुवार दोपहर हुई सनसनीखेज वारदात के बाद अब दिव्या मिश्रा हत्याकांड (Divya Mishra Murder Case) में उनके पति मानस वाजपेयी के व्हाट्सऐप स्टेटस (WhatsApp Status) को लेकर नया विवाद सामने आया है। आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) की महिला अधिकारी दिव्या मिश्रा की हत्या उनके पति मानस वाजपेयी ने की। इसके बाद मानस ने अपनी बहन की भी हत्या कर दी और फिर आत्महत्या कर ली।
पुलिस इस हत्या और आत्महत्या की वजह तलाश ही रही थी कि मानस के व्हाट्सऐप स्टेटस में एक मैसेज सामने आया। इसमें मानस ने अपनी पत्नी पर चीटिंग (Cheating) का आरोप लगाया था। उसने यह भी लिखा था कि दिव्या की बहन प्रज्ञा मिश्रा और उनके पति भरत यादव सब कुछ जानते हैं।
Also Read –Toxic First Review: यह बेवकूफी भरे एक्शन स्टंट्स वाली पूरी तरह से B-ग्रेड फिल्म है
बहन की हत्या से सदमे में चल रहीं पत्रकार और मशहूर यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा इस स्टेटस के बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों के निशाने पर आ गईं। घटना के करीब 15 घंटे बाद प्रज्ञा ने खुद को थोड़ा संभालते हुए सोशल मीडिया पर इस स्टेटस को लेकर जवाब दिया। उन्होंने मानस को साइको बताते हुए उसके व्यवहार को लेकर कई गंभीर दावे किए हैं।
Divya Mishra Murder Case: प्रज्ञा ने मानस को बताया साइको
प्रज्ञा मिश्रा ने फेसबुक पोस्ट (Facebook Post) में मानस के लिए हत्यारा शब्द का इस्तेमाल किया और अपने गुस्से का इजहार किया। उन्होंने मानस के स्टेटस में अपना नाम लिखे जाने का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें पता था कि मानस उनकी बहन के साथ क्रूरता करता था।
प्रज्ञा ने दावा किया कि उनकी बहन दिव्या मानस से अलग होना चाहती थी। उनके मुताबिक, मानस छोटी-छोटी बातों पर दिव्या के साथ मारपीट करता था। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि ब्लिंकिट से मंगाए गए टमाटर में अगर कोई टमाटर खराब निकल जाता था तो मानस दिव्या को इस बात पर भी पीट देता था कि उसने ऐसा टमाटर कैसे मंगाया।
प्रज्ञा ने यह भी दावा किया कि मानस और उसकी बहन ने मिलकर उनकी बीमार मां के साथ भी मारपीट की थी और इतनी पिटाई की कि उनकी मौत हो गई थी। ये सभी आरोप प्रज्ञा मिश्रा की ओर से लगाए गए हैं।
फैमिली कोर्ट का भी किया जिक्र
प्रज्ञा के मुताबिक, दिव्या अपने पति मानस से अलग होना चाहती थी। उन्होंने बताया कि दिव्या ने उन्हें अपने साथ होने वाली घटनाओं के बारे में बताया था।
प्रज्ञा ने दावा किया कि दिव्या की फैमिली कोर्ट (Family Court) में काउंसलर के साथ भी झड़प हुई थी। उनके मुताबिक, दिव्या वैवाहिक रिश्ते से बाहर निकलना चाहती थी और इस दिशा में कदम भी उठा रही थी।
सुहागरात पर ही खर्च की लिस्ट बनाने का दावा
प्रज्ञा मिश्रा ने दावा किया कि मानस ने शादी की पहली रात यानी सुहागरात (Wedding Night) से ही अपना कथित दूसरा रूप दिखाना शुरू कर दिया था। प्रज्ञा के मुताबिक, दिव्या ने उन्हें बताया था कि सुहागरात के दिन ही मानस ने घर के खर्चों की एक लिस्ट बनाई थी।
Also Read – 25 मिनट में उजड़ गया पूरा परिवार: मानस और बहन तूलिका का कौन करेगा अंतिम संस्कार
प्रज्ञा ने दावा किया कि मानस ने दिव्या के सामने शर्त रखी थी कि घर का आधा खर्च उसे उठाना होगा। उनके अनुसार, दिव्या ने उस समय यह शर्त स्वीकार भी कर ली थी।
प्रज्ञा के मुताबिक, बाद में घर में विवाद बढ़ने के बाद दिव्या ने पिछले करीब एक साल से अपने हिस्से का खर्च उठाना बंद कर दिया था। उन्होंने कहा कि मानस की नजर में यह चीज चीटिंग हो सकती है।
‘अंदाजा नहीं था कि इतना बड़ा साइको था’
प्रज्ञा ने कहा कि उनकी बहन ने उन्हें बताया था कि उसका पति साइको था, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि वह इतना बड़ा साइको था। उन्होंने बताया कि उन्हें वही बातें पता थीं जो उनकी बहन दिव्या ने उन्हें बताई थीं। प्रज्ञा के मुताबिक, इतनी प्रताड़ना के बावजूद दिव्या तीज का व्रत रखने वाली थी। उसने अपने हाथ पर बना मानस का टैटू (Tattoo) भी नहीं हटवाया था। प्रज्ञा ने कहा कि दिव्या भीतर ही भीतर चाहती थी कि सब कुछ ठीक हो जाए और उसका पति सुधर जाए।
मानस पर पहले भी दिव्या का पीछा करने का आरोप
प्रज्ञा ने दावा किया कि मानस ने पहले भी दिव्या का पीछा किया था। उन्होंने बताया कि तनाव और स्ट्रेस (Stress) की वजह से कुछ दिन पहले दिव्या का एक्सीडेंट (Accident) भी हुआ था।
प्रज्ञा के मुताबिक, उस हादसे में दिव्या का हाथ और पैर टूट गया था। करीब डेढ़ से दो महीने बाद उसने दोबारा ऑफिस जाना शुरू किया था। उनके अनुसार, इसके बावजूद दिव्या अब भी लंगड़ाकर चलती थी।
प्रज्ञा ने बताया कि घटना वाले दिन जब दिव्या घर से निकली थी, तब भी वह लंगड़ाकर चल रही थी। उन्होंने कहा कि दिव्या ने कितनी प्रताड़ना झेली है, यह उसे जानने वाला हर व्यक्ति जानता है। प्रज्ञा ने कहा कि उनकी आंखों में आंसू हैं और यह वक्त सिर्फ बातें करने का नहीं है, लेकिन कुछ बातें बताना जरूरी है।
मानस के स्टेटस के बाद प्रज्ञा पर उठे सवाल
दिव्या की हत्या और मानस के व्हाट्सऐप स्टेटस के सामने आने के बाद सोशल मीडिया (Social Media) पर कुछ लोगों ने प्रज्ञा मिश्रा को लेकर भी तरह-तरह के सवाल उठाए। प्रज्ञा ने इन सवालों का भी जवाब दिया।
उन्होंने कहा कि मीडिया इंडस्ट्री (Media Industry) में 2017 से पहले पत्रकारिता शुरू करने वाले पत्रकारों में वह सबसे छोटी हैं। प्रज्ञा ने कहा कि वह देख रही हैं कि कुछ उनके हमपेशा लोग उनकी बहन की हत्या में भी राजनीति तलाश रहे हैं।
‘नजरें नीची करने वाली पत्रकारिता कभी नहीं की’
आलोचना करने वालों को जवाब देते हुए प्रज्ञा ने अपनी पत्रकारिता का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि नौ साल की पत्रकारिता के दौरान जिन लोगों की उन्होंने आलोचना की, उनके सामने खड़े होकर आंखों में आंख डालकर बात कर सकती हैं।
उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी नजरें नीची करने वाली पत्रकारिता नहीं की। प्रज्ञा ने लोगों से कहा कि मतभेद रखिए, क्योंकि मतों का अलग-अलग होना जरूरी है, लेकिन मनभेद नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोग उनसे स्नेह करते हों या घृणा, उन्होंने अपने होशो-हवास में कभी कोई अनैतिक कृत्य नहीं किया और न ही कभी करेंगी।









